
Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मानगो मुंशी मोहल्ला के रहने वाले रोगी मो. मुख्तार (38) की मौत बुधवार की सुबह हो गयी. घटना के बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही करने का आरोप लगाया और हंगामा भी किया. परिवार के लोगों का कहना है कि मुख्तार को मंगलवार की देर रात इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में रोगी की सुधि डॉक्टरों ने नहीं ली. भर्ती कराने के बाद किसी तरह का इलाज नहीं किया गया था. डॉक्टरों ने जो दवाइयां बाहर से लाने के लिए दिया था उसे भी रोगी को नहीं दिया गया.
अधीक्षक के खिलाफ करेंगे एफआइआर
परिवार के लोगों का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद जब इसकी शिकायत अस्पताल के अधीक्षक डॉ अरुण कुमार से की तब उन्होंने सही तरीके से बात नहीं की. बल्कि उल्टे धमकी दी. घटना के संबंध में परिवार के लोगों ने अस्पताल अधीक्षक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है.
इसे भी पढ़ें- चाईबासा : हाटगम्हरिया लूट में पांच गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 3 बाइक बरामद




