Patna : केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू प्रमुख नीतीश कुमार से अपनी बातचीत के बाद कहा कि राज्य में भाजपा नीत राजग बरकरार रहेगा और यह वहां साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेगा. दरअसल , कुमार के अगले कदम को लेकर अटकलें बढ़ गई हैं. उनकी पार्टी के कई नेता जदयू को गठबंधन में बड़े साझेदार के तौर पर पेश कर रहे हैं. गौरतलब है कि राजद प्रमुख लालू यादव का कुछ ही दिन पहले मुंबई में एक ऑपरेशन होने के बाद उनके साथ नीतीश कुमार की टेलीफोन पर हुई बातचीत ने भी अटकलों को तेज कर दिया है.
इसे भी पढ़ें- राज्य सूचना आयोग को कमजोर बना रखा है सरकार ने, नहीं दे रही मैन पावर
जुलाई में शाह की नीतीश से मुलाकात की उम्मीद
पासवान ने कहा कि उन्होंने इस बारे में नीतीश कुमार से बात की और जदयू नेता ने उनसे कहा कि राजग बरकरार रहेगा. पासवान ने कहा कि मैंने नीतीश जी से बात की है. मैंने भाजपा नेताओं से भी बात की है. आपको बताना चाहूंगा कि बिहार में राजग बरकरार रहेगा. हम सभी एक ही जहाज पर सवार हैं और कोई भी इसे डुबाना नहीं चाहेगा. उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 12 जुलाई को राज्य का दौरा करेंगे और उनके नीतीश से मुलाकात करने की उम्मीद है. ज्ञात हो कि शाह ने हाल ही में पासवान से मुलाकात की थी. पासवान ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेद की खबरों को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं की जब बैठक होगी , तब इसे सुलझा लिया जाएगा.
राजद गंदगी से भरा : पासवान
पासवान ने राजद को गंदगी से भरा बताया , जहां कोई भी नहीं जाना चाहेगा. उन्होंने कुमार की लालू के साथ हुई बातचीत के बाद लगाई जा रही अटकलों को बेबुनियाद बताया और कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने पिछले कुछ हफ्तों में राजद प्रमुख के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उन्हें या उनके सहयोगियों को चार फोन कॉल किए हैं. पासवान ने कहा कि हर चीज को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए. बिहार में राजद नीत गठबंधन के दरवाजे कुमार की वापसी के लिए बंद होने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बयान के बारे पूछे जाने पर पासवान ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




