
Jamshedpur : साकची बाजार में बाटा चौक के पास दुकान लगाकर बैठनेवाले फुटपाथी दुकानदारों को बुधवार को भी पुलिस ने खदेड़ा. कुछ दुकानदार पुलिस के बाजार में घुसते ही अपना सामान समेट कर चले गये. लेकिन एक बूढ़े दिव्यांग दुकानदार कासिम ने इसका विरोध किया. बाजार में मौजूद फुटपाथी दुकानदारों ने बताया कि विरोध करने पर पुलिसवालों ने बूढ़े और लाचार कासिम को लात-घूंसों से पीटा. बीच-बचाव में आये मो सरफराज नामक दुकानदार को पुलिस पकड़ कर थाना ले गयी. पुलिस ने कासिम का सामान भी जब्त कर लिया है.
इसे भी पढ़ें – ईडी ने पूर्व मंत्री एनोस एक्का की ओरमांझी स्थित 6.25 लाख की संपत्ति को अटैच किया
वहीं इस बारे में पुलिस का कहना है कि दुकानदार बाटा चौक के पास अवैध तरीके से दुकान लगाये हुए थे. पुलिस ने वहां दुकान लगाने से मना किया तो वे उलझ गये. इसके बाद सामान जब्त कर थाना ले गयी. किसी भी दुकानदार को पकड़ा नहीं गया है. मीडिया से बातचीत में कई दुकानदारों ने कहा कि वे दुकान नहीं लगायेंगे तो परिवार को कैसे पालेंगे. उनके पास दूसरा कोई रास्ता नहीं है. हालांकि इस हो हंगामे के बाद बाजार में किसी ने दुकान नहीं लगायी. पुलिस बाटा चौक की निगरानी कर रही है.
इसे भी पढ़ें – प्रेमी युगल घर से हुआ फरार, लड़के पर अपहरण का मामला दर्ज




