
Patna : नौबतपुर थाना के एक गांव में प्रेमी युगल शादी की नीयत से घर से फरार हो गया. दोनों के परिजनों पर ये बात इतनी नागवार गुजरी कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गये. मामले ने तूल पकड़ लिया. खबर गांव में आग की तरह फैल गयी. दोनों गुटों के बीच तनातनी का माहौल बन गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें संभाला. पंचायती हुई, लेकिन बात नहीं बनी, जिसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गये.
नाराज लड़की के परिजनों ने प्रेमी सहित उसके माता-पिता, भाई-बहन पर नौबतपुर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया है. थाने में मामला दर्ज होते ही पुलिस छानबीन में जुट गयी है.
दरअसल, नौबतपुर थाने के पिपलाना आदमपुर गांव के युवक मोहम्मद शमशेर को खजूरी गांव की एक लड़की से स्कूल लाइफ में ही प्रेम हो गया था. प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों एक-दूसरे से छुप-छुप कर मिलने लगे.
इसे भी पढ़ें : दो पाली में होगी जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा, चार सितंबर से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
दोनों की प्रेम कहानी धीरे-धीरे गांव में आग की तरह फैल गयी. बात लड़का और लड़की के परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद घरवालों का रिश्ते को लेकर विरोध शुरू हो गया. लड़की के परिजनों ने कई बार लड़की को घर में बंद कर उसकी पिटाई की और शमशेर से नहीं मिलने की हिदायत भी दी.
इसके बावजूद भी उसने मिलना-जुलना बंद नहीं किया. घरवालों के विरोध के बाद उनका प्यार दिन-प्रतिदिन एक दूसरे के प्रति बढ़ता ही गया. जब इन दोनों के घर से फरार होने की सूचना लड़का और लड़की के घरवालों को लगी, तो दोनों के परिजन आगबबूला हो उठे. दोनों परिवारों के बीच तलवारें खिंच गयीं.
इसे भी पढ़ें : बिहार वासियों की बढ़ी परेशानी, 2 महीने का बिजली बिल अब एक साथ आएगा
दोनों पक्ष एक दूसरे के खून के प्यासे हो गये. ग्रामीणों के समझाने-बुझाने और पंचायती के बाद दोनों के परिजन थाना पहुंचे. लड़की की मां ने मोहम्मद शमशेर के मां-बाप सहित भाई बहन पर अपहरण का मामला दर्ज कराया है.
छानबीन के क्रम में नौबतपुर थाना के पदाधिकारी ने बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी की नीयत से घर से भागे हैं. लड़की के परिजनों द्वारा लड़के के घरवालों पर अपहरण का मामला दर्ज कराया गया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. छानबीन के बाद जो भी बातें सामने आयेंगी उस पर कानूनी रूप से उचित कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें :बिहार की जनता को गुस्से में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दी शुभकामनाएं




