JharkhandPalamu

पलामू : पारा शिक्षक का अपहरण, पूर्व ससुर और साला शक के घेरे में

Palamu : पलामू जिले के पांकी थानांतर्गत भरी गांव के बीह टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय के पारा शिक्षक नौशाद अंसारी का शनिवार रात अपहरण कर लिया.

इस घटना में पारा शिक्षक के पूर्व ससुर और साले की संलिप्तता की आशंका व्यक्त की गयी है. पारा शिक्षक की पत्नी नूरजहां बानो ने इस संबंध में पांकी थाना में मामला दर्ज कराया है.

इसे भी पढ़ें : क्लास 8 की छात्रा से छेड़खानी व मारपीट के आरोप में पूर्व सैनिक गिरफ्तार

दवा लेने के बहाने खुलवाया दरवाजा

पलामू : पारा शिक्षक का अपहरण, पूर्व ससुर और साला शक के घेरे में
पारा शिक्षक के परिजनों से मिलने पहुंचे लोग.

नौशाद अंसारी हल्का-फुल्का इलाज भी करते हैं. अक्सर रात में लोग उनसे इलाज कराने के लिए आते हैं. शनिवार रात 10.15 बजे दवा लेने के बहाने उनके घर का दरवाजा खुलाया गया और अपहर्ता उन्हें लेकर चले गये.

पारा शिक्षक की पत्नी ने बताया कि करीब 15 से 20 मिनट अंदर के कमरे में इंतजार करने के बाद नौशाद की तलाश में वह बाहर के कमरे में आयीं तो उन्हें नहीं पाया. खोजबीन करने पर कुछ पता नहीं चला.

बाद में गांव में ही किराना दुकान चलाने वाले भतीजे मखदूम को मामले की जानकारी दी. दोनों ने मिलकर नौशाद को आस-पास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चलने पर रात में ही पुलिस को सूचना दी.

इसे भी पढ़ें : सपा सांसद आजम खान पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, किसानों की जमीन जबरन हथियाने का आरोप

पूर्व ससुर और साले पर शक की वजह

नूरजहां ने नौशाद के पूर्व ससुर मो खलील और साले रिंकू पर अपहरण की आशंका जतायी है. नौशाद के परिजनों का कहना है कि नूरजहां नौशाद की दूसरी पत्नी है. पहली पत्नी का प्रसव के दौरान निधन हो गया था.

वर्ष 2019 में नूरजहां से नौशाद की शादी हुई. परिजनों ने बताया कि पहली पत्नी की मौत को उसके परिजन हत्या बताते हैं. इसी वजह से नौशाद का अपहरण किया गया.

छानबीन तेज, जल्द होगी बरामदगी

लेस्लीगंज के एसडीपीओ अनूप बड़ाईक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों की सूचना पर पारा शिक्षक को बरामद करने के लिए छापमारी तेज की गयी है.

थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि नौशाद की पत्नी ने उसके पूर्व ससुर और साला पर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है.

इसे भी पढ़ें : गिरिडीह : CCL सुरक्षा प्रभारी की हड्डियां जुबलीपीठ चानक के खंता से बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button