JharkhandPalamu

283 पंचायत समिति सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा, सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप

Palamu : बार-बार गुहार लगाये जाने के बाद भी अधिकार नहीं मिलने से नाराज पलामू जिले के 283 पंचायत समिति सदस्यों ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया.

सदस्यों ने पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त की अनुपस्थिति में जिले के प्रभारी उपायुक्त बिन्दू माधव सिंह कॉ इस्तीफा सौंपा.

इसे भी पढ़ें : काम नहीं करनेवाले सरकारी कर्मियों को कर दें रिटायर : रघुवर दास

सरकार के खिलाफ जतायी नाराजगी

पंचायत समिति महासंघ के बैनर तले एकजुट होकर जिले के प्रमुख, उपप्रमुख एवं पंचायत समिति सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया. इस दौरान सरकार के खिलाफ नाराजगी भी जतायी गयी.

महासंघ के पलामू प्रमंडलीय अध्यक्ष सह तरहसी प्रमुख अमुक प्रियदर्शी ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा आवंटन एवं अधिकार के लिए लगातार सरकार से गुहार लगायी गयी, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया.

बता दें कि पिछले दिनों उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर 04 जुलाई तक मांगे पूरी नहीं होने की स्थिति में सामूहिक इस्तीफा देने की घोषणा की गयी थी. तय समय तक उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया.

इसे भी पढ़ें : पड़ोसी ने सरकारी जमीन जोतने से रोका तो टांगी से किया हमला, छह घायल

पंसस को रखा गया है हाशिये पर

पंसस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन के बाद उन्हें सरकार और पदाधिकारी हाशिये पर रखते आ रहे हैं. ऐसे में पद पर रहकर समाज में रहना मुश्किल हो रहा था. वोटरों की उनसे काफी उम्मीदें थीं जिसे पूरा नहीं कर पा रहे थे. ऐसे में इस्तीफा ही एकमात्र रास्ता रह गया था.

पंसस ने कहा कि विधायक, सांसद एवं मुखिया भी जनता द्वारा ही चुने जाते हैं. उन्हें सरकार विकास के लिए करोड़ों का आवंटन उपलब्ध करा रही है. टीए-डीए दिये जा रहे है. लेकिन दूसरी तरफ जनता के वोट से ही निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को आज तक आवंटन,  अधिकार व सम्मान नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है.

इसे भी पढ़ें : राजधानी रांची की 22 किमी लम्बी मुख्य सड़क में 72 गड्ढे, अधिकांश जानलेवा

Related Articles

Back to top button