
♦आरक्षण संबंधी गजट तैयार, भेजा गया आयोग
Ranchi : पंचायत चुनाव को लेकर रांची जिला पंचायती राज कार्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है. सीटों को लेकर आरक्षण की सूची से संबंधित गजट तैयार कर राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी गयी है. संभवतः इस बार के पंचायत चुनाव में सीटों का आरक्षण वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनाव के आधार पर ही किया जा रहा है. ऐसे में संभव है कि वर्ष 2015 के पंचायत चुनाव में जिन सीटों पर पुरुषों का वर्चस्व था वहां अब महिलाएं दावा ठोंकती नजर आयेंगी. जिन सीटों पर पुरुष चुनाव लड़ते थे, उन सीटों पर महिलाओं को आरक्षण दिया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें – सेंट्रल यूनिवर्सिटी : एक जमीन पर तीन-तीन दावेदार,वंशावली भी कई
जिला में कोषांगों के गठन की प्रक्रिया शुरू
पंचायत चुनाव को लेकर विभिन्न कोषांगों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. कुल 19 कोषांग गठन किये जायेंगे. इनमें कार्मिक कोषांग, मैनपावर मैनेजमेंट, बैलेट बॉक्स मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, ट्रेनिंग मैनेजमेंट, मटेरियल मैनेजमेंट, निर्वाचन कोषांग, व्यय अनुश्रवण प्रबंधन कोषांग, ऑबजर्बर सेल, डाक मतपत्र कोषांग, सिंगल विंडो सेल, सी-विजिल व सहायता एवं शिकायत निवारण कोषांग, वेब कास्टिंग कोषांग, पीडब्ल्यू कोषांग शामिल हैं.
64700 पदों के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि चुने जायेंगे
झारखंड में कुल 4402 ग्राम पंचायतें हैं, जहां मुखिया (ग्राम प्रधान) के अलावा 54330 ग्राम पंचायत सदस्य, 5423 पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद के 545 सदस्यों का चुनाव किया जाना है. कुल मिला कर त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत 64700 पदों के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि चुने जायेंगे. पंचायत चुनाव की प्रशासनिक कवायद तेज होते ही गांवों में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गयी है. विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभी से शुरू कर दिया है. पंचायत चुनाव भले दलीय आधार पर नहीं कराये जाते, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दल उन प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रहे हैं, जिन्हें समर्थन देकर पंचायतों से लेकर जिला परिषदों तक में अपनी स्थिति मजबूत की जा सके.
इसे भी पढ़ें – राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज रांची में खुलेगा एनआइटीटीटीआर का सेंटर, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज के कर्मी होंगे प्रशिक्षित



