
New Delhi : देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की कुल बिक्री अप्रैल की तुलना में मई में 71 प्रतिशत घट कर 46,555 इकाई रह गयी. अप्रैल में कंपनी ने 1,59,691 वाहन बेचे थे.
कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ने और लॉकडाउन की वजह से विभिन्न राज्यों में वाहनों की आपूर्ति प्रभावित होने का असर कंपनी की बिक्री पर पड़ा है.
इसे भी पढ़ें :चीन के ग्वांगझू में संक्रमण के कुछ मामलों में बाद लॉकडाउन लागू
इसके अलावा वाहन कंपनी ने औद्योगिक इस्तेमाल के लिए ऑक्सीजन को चिकित्सा इस्तेमाल के लिए स्थानांतरित करने के लिए एक मई से 16 मई तक अपना उत्पादन भी बंद किया था.
कंपनी ने कहा कि मई में डीलरों को उसकी आपूर्ति 75 प्रतिशत घट कर 35,293 इकाई रह गयी, जो इससे पिछले महीने 1,42,454 इकाई रही थी.
माह के दौरान कंपनी की मिनी कारों, ऑल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री 81 प्रतिशत घट कर 4,760 इकाई रह गयी. अप्रैल में यह आंकड़ा 25,041 इकाई का रहा था.
इसे भी पढ़ें :सरकार ने एम्फोटेरिसिन-बी इंजेक्शन के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया
कॉम्पैक्ट सेग्मेंट में स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री 72 प्रतिशत घट कर 20,343 इकाई रह गयी, जो अप्रैल में 72,318 इकाई रही थी.
मध्यम आकार की सेडान सियाज की बिक्री घट कर 349 इकाई रह गयी. अप्रैल में यह 1,567 इकाई रही थी. कंपनी के यूटिलिटी वाहनों विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और एर्टिगा की बिक्री 75 प्रतिशत घट कर 6,355 इकाई रह गयी, जो एक महीने पहले 25,484 इकाई रही थी.
मई में कंपनी का निर्यात 35 प्रतिशत घट कर 11,262 इकाई रह गया. अप्रैल में कंपनी ने 17,237 वाहनों का निर्यात किया था.
इसे भी पढ़ें :अच्छा प्रयोग : इंदौर में गाड़ी पर बैठे-बैठे ही लोग लगवा रहे टीका, तीन ‘ड्राइव इन’ केंद्र शुरू




