JharkhandPalamu

Palamu : एसएसबी जवान के घर में 17 लाख की चोरी, आभूषण और नगद ले गये चोर

Palamu : जिला मुख्यालय में मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो सुदना के बैंक कालोनी में सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवान सूरज सिंह के घर में गुरुवार की रात चोरी हो गई. घटना के वक्त घर में कोई नहीं था. एक सप्ताह पहले परिवार के सभी सदस्य पटना गए हुए थे. चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना में चोरों को 15 लाख रुपए के जेवरात और 2 लाख नगद हाथ लगे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी जानकारी लेकर छानबीन शुरू कर दी है. चोरी की इस घटना से बैंक कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है.

जवान सूरज की मां किरण सिंह जब शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4 बजे पटना से लौटी तो घर का ताला टूटा देखकर हतप्रभ रह गई. कमरे के अंदर सामान जहां-तहां बिखरे पड़े थे. वहीं अलमारी टूटी पड़ी थी. बक्सा के ताले टूटे हुए थे, उसमें से सारे कीमती सामान गायब थे. चोरी की घटना एक कमरे में हुई. उसी में बक्सा, अलमीरा सहित अन्य सामान रखे हुए थे.

भुक्तभोगी ने बताया कि इस घटना में करीब 15 लाख से अधिक रुपए का आभूषण और करीब दो लाख रुपए नगद की चोरी हो गई. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस घटना स्थल का मुआयना किया और अनुसंधान शुरू कर दिया है.

घटना जहां हुई उसका आसपास का इलाका काफी सुनसान है. वहां से कोयल नदी भी सटी हुई है. ऐसे में एक सप्ताह से घर में किसी तरह की कोई गतिविधि नहीं होने के कारण चोरों ने बड़े आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया.

यहां बताते चलें कि चोरी की अधिकतर घटनाएं सूनसान घर में हो रही है. इन घटनाओं को देखने और सुनने-समझने के बाद भी लोग अपने घर को सुनसान छोड़कर कई दिनों के लिए बाहर चले जाते हैं जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है. कीमती सामान रखने वाले गृह स्वामियों को इन घटनाओं से सबक लेने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके.

इसे भी पढ़ें – टोंटो में आइईडी बम, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर बरामद, पुलिस ने जंगल में किया नष्ट

Related Articles

Back to top button