
Palamu : नवरात्र पर अपने घर चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के रामपुर आये टीएसपीसी के एरिया कमांडर गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू यादव उर्फ उमेश यादव को पलामू जिले की मनातू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गुड्डू अपने दस्ते के साथ नवरात्र पर घर आया हुआ था. पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली और कार्रवाई कर उसे धर दबोचा गया. गुड्डू पिछले 5 वर्ष से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ मनातू एवं लातेहार थाने में एक-एक कांड दर्ज हैं. इसके विरुद्ध न्यायालय से वारंट भी निर्गत था.
लेस्लीगंज में एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के रामपुर का रहनेवाला टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर गौतम उरांव एवं एरिया कमांडर गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू यादव उर्फ उमेश यादव अपने दस्ते के साथ ठेकेदारों से लेवी वसूलने एवं अप्रिय घटना करने के उद्देश्य से पलामू से सटे गांव केकरगढ़, झिरनिया, झरदार, हेडूम, द्वारिका, रामपुर, रिम्मी, कोठारी के आसपास भ्रमणशील है. यह भी सूचना थी कि 30 सितम्बर की शाम एरिया कमांडर गुड्डू अपने पैतृक आवास रामपुर में आनेवाला है.
सूचना के आलोक में मनातू थाना प्रभारी पवन कुमार के द्वारा टीम बनायी गयी और रामपुर की ओर प्रस्थान किया गया. पुलिस टीम पांकी के द्वारिका से पैदल रामपुर के जंगल की ओर निकली. जब छापामारी टीम रामपुर स्थित गुड्डू के पैतृक आवास के निकट पहुंची तो आवास के आसपास दिख रहे लोग पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगे. भाग रहे लोगों का पीछा कर एक व्यक्ति को दौड़ाकर पुलिस बल की सहायता से नियंत्रण में किया गया.
बाद में उसकी पहचान एरिया कमांडर गुड्डू यादव के रूप में हुई. गुड्डू ने बताया कि वह अपने टीएसपीसी के सब जोनल कमांडर रोशन उरांव, भूपेश यादव एवं रविंद्र यादव के साथ केकरगढ़ पांकी आया हुआ था.
गिरफ्तारी में मनातू थाना प्रभारी के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ लोहार के अलावा पुलिस जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: Red indian की 28 वीं वर्षगांठ पर पूरी रात मस्ती में डूबे रहे बॉलीवुड के सितारे




