
New Delhi: टोक्यो ओलंपिक का सातवां दिन भारत के लिए अच्छा चल रहा है. पुरुष हॉकी में अर्जेंटीना को 3-1 से पछाड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे स्पर्धाओं में भी जलवा दिखाया है. तीरंदाजी में अतनु दास व बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने अंतिम आठ में जगह बना लिया है. एक दिन पूर्व दीपिका कुमारी ने भी तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन किया था. दीपिका का अगला मुकाबला कल (शुक्रवार) है. इन खिलाड़ियों की वजह से ओलंपिक में पदक का भारत की उम्मीद जिंदा है.
इसे भी पढ़ेंःTokyo Olympics: भारतीय हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन, चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराया
इधर, पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल स्पर्धा में भारत की तरफ से अर्जुन जाट और अरविंद सिंह ने चुनौती पेश की. यह जोड़ी पांचवें स्थान पर रही. हालांकि, यह ओलंपिक में भारत का इस स्पर्धा में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. दूसरी तरफ टीम इंडिया ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. भारत की तरफ से वरुण कुमार, विवेक सागर प्रसाद और हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागे. जबकि अर्जेंटीना की तरफ से एक मात्र गोल कैसेला ने किया। भारतीय टीम की इस ओलंपिक में यह तीसरी जीत है.
बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने महिला सिंगल्स के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को 2-0 से शिकस्त दी. सिंधु ने पहला गेम 21-15 और दूसरा गेम 21-13 से अपने नाम किया. इसके बाद सिंधु अंतिम आठ में पहुंच गई है. अब सिंधु का अगला मुकाबला यामागुची से होगा. इसी तरह अतनु दास ने चीनी ताइपे के देंग यू चेंग को 6-4 से पटखनी दी. ये अंतिम आठ में जगह बनाने में कामयाब रहे.




