JharkhandLead NewsPalamu

Palamu : रेलवे ट्रैक में फंसी साड़ी, ट्रेन से खिंचती गयी शिक्षिका की मौत

Palamu : डालटनगंज रेलवे स्टेशन के रेड़मा ओवरब्रिज के समीप रेलवे ट्रैक में साड़ी फंसने से एक महिला की जान चली गयी. महिला रेलवे लाइन पार कर रही थी. इसी बीच उसकी साड़ी अचानक ट्रैक में फंस गयी. इसी बीच ट्रेन के आ जाने के कारण महिला उसके साथ खिंचती चली गयी. महिला की मौके पर मौत हो गयी. घटना के कुछ देर तक महिला की पहचान नहीं हो पायी थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त हो पायी.

डालटनगंज के राजकीय रेल थाना प्रभारी किशुन प्रसाद ने बताया कि रेड़मा ओवरब्रिज से थोड़ी दूर पर एक महिला की लाश बरामद की गयी. शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. इसी बीच महिला की पहचान बेलवाटिका के प्रदीप कुमार की पत्नी सुषमा रवानी (42वर्ष) के रूप में हुई है. उसके पति एवं बेटे उसे तलाशते हुए रेल थाना पहुंचे. उन्होंने शव की पहचान की.

ओरियंट स्कूल में पढ़ाती थीं

महिला के पति ने बताया कि सुबह करीब 8.30 बजे दोनों साथ निकले. इसी बीच सुषमा किसी से मिलने की बात कहते हुए उससे अलग होकर निकल गयी. काफी देर तक जब उसका कुछ अता पता नहीं चला तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी. वार्ड 20 के पार्षद निरंजन प्रसाद ने बताया कि सुषमा रवानी ओरियंट स्कूल में पढ़ाती थी.

स्कूल के किसी शिक्षक से मिलने के लिए वह रेड़मा ओवरब्रिज से होकर जा रही थी. इसी बीच उसकी साड़ी रेलवे ट्रैक में फंस गयी. इसी बीच ट्रेन के आ जाने से महिला उसके साथ खिंचती चली गयी.

महिला का मायका छतीसगढ़ के बिलासपुर में है और उसकी शादी वर्ष 1999 में हुई थी. इस घटना से बेलवाटिका इलाके में शोक की लहर है. हर कोई इस घटना से हैरान परेशान है. आस पास के क्षेत्रों में छठ की खुशियां मातम में बदल गयी है.

Related Articles

Back to top button