Palamu

पलामू : बंदोबस्त पदाधिकारी के खिलाफ वारंट लेकर पहुंची साहिबगंज पुलिस, पहले भी कर चुकी है छापामारी

Palamu: जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अनिल कुमार के खिलाफ एक बार फिर साहिबगंज पुलिस कार्रवाई के लिए मेदिनीनगर पहुंची. साहिबगंज पुलिस के सब इंस्पेक्टर प्रीतम कुमार वारंट लेकर पहुंचे थे. उन्होंने बंदोबस्त कार्यालय में छापामारी की. इस दौरान आईएएस अधिकारी अनिल कुमार अपने कार्यालय में नहीं मिले. बता दें कि कुछ महीने पहले भी साहिबगंज पुलिस पलामू में अनिल कुमार की गिरफ्तारी के लिए वारंट लेकर पहुंची थी. उस समय भी अनिल कुमार गायब थे. वारंट साहिबगंज कोर्ट के द्वारा जारी किया गया है, जिस वक्त यह वारंट जारी हुआ उस समय अनिल कुमार धनबाद के एडीएम थे. 25 नवंबर 2022 को यह वारंट जारी किया गया था.

जानकारी के अनुसार मामले में अब साहिबगंज पुलिस इश्तेहार लेकर आने वाली है. अनिल कुमार मूल रूप से बिहार के भागलपुर के रहने वाले हैं. कुछ महीने पहले ही अनिल कुमार का झारखंड प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रमोशन हुआ है. दरअसल साहिबगंज में शिक्षक बहाली हुई थी. इस दौरान गड़बड़ी हुई थी. गड़बड़ी की जांच की जिम्मेवारी साहिबगंज के तत्कालीन जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार को दी गई थी. जांच में है क्या मिला, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई थी, ना ही इसके बारे में किसी को पता चल पाया.

वर्ष 2014 में तत्कालीन साहिबगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी के पास शिक्षक बहाली से जुड़ी शिकायत की गई थी. तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच शुरू की तो पाया कि पुरानी फाइलें गायब थी. इस संबंध में शिक्षा विभाग के कई कर्मचारियों-पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी.

इस मामले में जांच के दौरान गड़बड़ी करने के आरोप में तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार को भी आरोपी बनाया गया है. इधर, जानकारी मिली है कि वारंट निकलने के बाद पुलिस तलाश तेज होने पर अनिल कुमार लंबे समय से बंदोबस्त कार्यालय नहीं जा रहे हैं, जबकि जमानत के लिए वे हाईकोर्ट तक गए हुए हैं.

इसे भी पढ़ें: हटाये गये ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को झारखंड हाइकोर्ट से मिली बड़ी राहत, हाइकोर्ट ने राज्य सरकार की 14 अपील की खारिज

Related Articles

Back to top button