
Palamu : कोरोना के संक्रमितों की बढ़ती रफ्तार के बीच पलामू जिले से लगातार राहत भरी खबर आ रही है. जिले में नये मामले नहीं आये हैं, जबकि इलाजरत संक्रमितों के ठीक होने का सिलसिला लगातार जारी है. पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 7 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हो गये हैं. सभी को होम क्वारंटाइन में रहने की हिदायत देकर सोमवार को घर भेज दिया गया.
इसे भी पढ़ें – कोरोना की चपेट में पुलिस विभाग, राज्य के 230 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव, अब तक 11 स्वस्थ हुए
होम क्वारंटाइन में रहने की हिदायत
स्वस्थ्य होनेवालों में छतरपुर का बैंक कर्मचारी, एक पुलिस कर्मचारी समेत चिरू छतरपुर का एक, माली मुहल्ला के दो, बेलवाटीका व लेस्लीगंज का एक-एक संक्रमित शामिल हैं. सभी पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती थे. सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने इसकी पुष्टि की. कहा कि 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में रहने की नसीहत के साथ छुट्टी की गयी है. पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद कोविड केयर सेंटर में भर्ती हुए सात संक्रमित स्वस्थ हुए हैं. रविवार की शाम को चार और सोमवार को तीन संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आयी. इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गयी.
जिले में अब तक 115 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई. इसमें कोविड केयर सेंटर में अब तक भर्ती 108 संक्रमित कोरोना को मात देकर घर जा चुके हैं. पांच पलामू कोविड केयर सेंटर व दो संक्रमित रिम्स में भर्ती हैं. सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना रोकथाम के लिए हर स्तर पर अपेक्षित पहल जारी है. संक्रमितों की पुष्टि होते ही उनका इलाज शुरू होता है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग सावधानी बरतें. घर से निकलने के बाद मास्क और शारीरिक दूरी का पालन करें.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और आवासीय स्थिति के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे अधिक



