
Palamu: राज्य में खाद्य सुरक्षा कानून लागू है, लेकिन जिम्मेवार पदाधिकारियों द्वारा इस दिशा में कार्रवाई नहीं किये जाने पर पीडीएस के डीलर मनमानी पर उतर गये हैं. पलामू जिले में इस जविप्र दुकानदार इस कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं.
जिले के विश्रामपुर में नगर पंचायत के डंडिला कला में पिछले चार महीने से इसी तरह की स्थिति बनी हुई है. पीडीएस डीलर दर्जनों ग्रामीणों को राशन देने से साफ मना कर दिया है. परेशान ग्रामीण गोलबंद होने लगे हैं.
इसे भी पढ़ेंः #PMCH के बाहर केंद्रीय मंत्री पर फेंकी गई स्याही, डेंगू मरीजों का हाल जानने पहुंचे थे अश्विनी चौबे
जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत डंडिला कला के वार्ड न. 9 के ग्रामीण स्थानीय डीलर राजू राम की मनमानी के खिलाफ मुखर विरोध पर उतर आये हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर ने उन्हें विगत चार महीनों से राशन नहीं दिया है.
राशन की मांग करने पर डीलर द्वारा डांट-फटकार की जाती है. ग्रामीण सत्येदव राम, देवेन्द्र राम, सुनीता देवी, कलिन्दा देवी, कईल राम, बानो देवी, उर्मिला देवी, राजमति, रीता, मंजू, निर्मला, मनोइया, दशरथ मोची ने आरोप लगाया कि खाद्यान्न नहीं मिलने पर उनकी स्थिति भूखे मरने वाली हो गयी है.
इसे भी पढ़ेंः #UNICEF रिपोर्ट: तीन में से एक बच्चा कुपोषित या मोटापे का शिकार
पुलिस ने शांत कराया मामला
ग्रामीणों ने बताया कि डीलर राजू राम राशनकार्डधारियों के साथ हमेशा मनमानी करता है. अंगूठा लगाने के बाद अनाज वितरण का पर्ची निकाल कर रख लेता है. जब पर्ची के अनुसार अनाज सहित अन्य सामान की मांग की जाती है तो दबंगई पर उतर जाता है.
पिछले दिनों डीलर के पास अनाज मांगने गये तो अनाज देने के बाजाए वह ग्रामीणों पर ही टूट पड़ा. हंगामा करने पर रेहला पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया.
समाहरणालय पहुंचकर दर्ज करायी शिकायत
डंडिला कला के दर्जनों ग्रामीण समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर डीलर राजू राम का लाइसेंस रद्द करने का आग्रह किया. ग्रामीणों ने बातया कि गत 13 अक्टूबर को जब वे लोग राशन की मांग करने डीलर के पास पहुंचे तो डीलर ने अनाज देने से इंकार कर दिया.
इसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दी गयी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो सभी ग्रामीण उपायुक्त की शरण में पहुंच गये. ग्रामीणों के अनुसार उपायुक्त ने इस मामले में साकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया है.
इसे भी पढ़ेंः #CM की जन आशीर्वाद यात्रा पर विपक्ष की चुटकी, ‘पांच साल किया होता काम तो दर-दर भटकना नहीं पड़ता’




