
Giridih: बगैर ट्रेड लाइसेंस के दुकान चलाना और किराये का भुगतान नहीं करना शहर के दो दुकानदारों को मंहगा पड़ गया. शनिवार को गिरिडीह नगर निगम ने दो दुकानों को सील कर दिया. दरअसल, शहर के कचहरी रोड स्थित कुशवाहा बीज भंडार के संचालक द्वारा पिछले कई सालों से बगैर ट्रेड लाइसेंस के दुकान संचालित किया जा रहा था. उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी को लगातार इसकी सूचना मिल रही थी. शनिवार को उप नगर आयुक्त पूरी टीम के साथ कुशवाहा बीज भंडार पहुंच गई. दुकानदार से ट्रेड लाइसेंस की मांग हुई, तो दुकानदार ने हाथ खड़े कर दिए. इसके बाद कुशवाहा बीज भंडार को सील कर दिया गया. इसके बाद उप नगर आयुक्त के नेत्तृव में टीम राजू टी स्टॉल पहुंची, लेकिन यहां मामला ट्रेड लाइसेंस का नहीं, बल्कि, नगर निगम के दुकान का किराया भुगतान नहीं करने का था. इस दौरान उप नगर आयुक्त ने राजू टी स्टॉल को भी सील कर दिया.

वैसे कई और दुकानों की जांच हुई, जिसमें बस पड़ाव स्थित ओम शाकाहारी भोजनालय होटल समेत अन्य दुकान शामिल है. जो बगैर किराये दिए ही दुकान चला रहे थे. लिहाजा, वैसे दुकानदारों को चालान थमाते हुए जुर्माना वसूला गया.
इसे भी पढ़ें:ईडी की कार्रवाई से ऐसा लग रहा है कि केवल गैरभाजपाई राज्यों में ही भ्रष्टाचार हैः कांग्रेस
इधर कार्रवाई के दौरान उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी ने कहा कि निगम ने कई बेरोजगारों को परिवार चलाने के लिए दुकान उपलब्ध करा रखा है. लेकिन कई दुकानदार ऐसे हैं जो बगैर किराया दिए ही दुकान संचालित कर रहे हैं. तो कई दुकानदार बगैर ट्रेड लाइसेंस भी चला रहे हैं और उनके खिलाफ अब कार्रवाई तय है.
उप नगर आयुक्त ने शहरी क्षेत्र के दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि हर दुकानदार को दुकान के बाहर डस्टबीन रखना चाहिए, जिसे आसपास का माहौल स्वच्छ रहे.
इसे भी पढ़ें:ईडी रेडः हिरासत में सीएस सुमन सिंह, छापामारी जारी, मिली कई अहम जानकारी




