
Palamu : पलामू जिले में इन दिनों लगातार बारूद बरामद किया जा रहा है. अब तक 15 किलो से अधिक बारूद बरामद किया जा चुका है.
रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर शहर के दूसरे छोर से पूर्व माओवादियों के पास से 1 किलो 600 ग्राम बारूद बरामद किया गया. उनकी पहचान पांकी के हुटाई निवासी निर्मल भुइयां और ओरिया भुइयां रूप में हुई हैं.
निर्मल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ओरिया मौके से भागने में सफल रहा. हुटाई में इसी महीने में पुलिस और जेजेएमपी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी.
इसे भी पढ़ें : DGP ने दी चेतावनी- PLFI के बचे-खुचे उग्रवादी हथियार डाल दें, वरना जिदन जैसा ही होगा हश्र
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार के निर्देश पर सहायक अवर निरीक्षक सह टीओपी टू के प्रभारी रामजीत सिंह ने वाहन चेकिंग के दौरान एक किलो 6 सौ ग्राम बारूद के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना पर टीओपी टू प्रभारी सशस्त्र बल के साथ पांकी रोड में संत जेवियर स्कूल के पास वाहन चेकिंग चला रहे थे.
इसी बीच मोटरसाइकिल नंबर जेएच 03सी 5418 पर सवार दो व्यक्तियों को रोका गया. गाड़ी रुकते ही वाहन के पीछे बैठा युवक लघुशंका के बहाने चकमा देकर भाग गया. चालक से पूछने पर उसने अपना नाम निर्मल भुइयां बताया व पांकी के हुटाई टोला का रहनेवाला है.
दो सक्षम गवाहों के समक्ष उसके बैग की तलाशी ली गयी. इस दौरान बैग में दो छोटे पॉलिथिन में रखा काला दानेदार जैसा पदार्थ (बारूद) पाया गया. पूछताछ करने पर युवक निर्मल भुईयां ने बताया कि उक्त सामान उसके साथ आये युवक ओरिया भुईयां का है. दोनों ने चैनपुर के कंकारी में नीम टोला निवासी गोल्डेन खान से खरीदा है.
बारूद का वजन कराने पर एक पैकेट का एक किलो, जबकि दूसरा का छह सौ ग्राम पाया गया. बरामद बारूद के संबंध में निर्मल भुईयां ने किसी प्रकार का कागजात नहीं दिखाया. मोटरसाइकिल के दस्तावेज भी अधूरे थे.
इस मामले में शहर थाना में कांड संख्या 330/20 के तहत निर्मल भुईयां और ओरिया भुईयां एवं गोल्डेन खान के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है.
विदित हो कि इसी माह में पांकी के हुटाई में पुलिस और जेजेएमपी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान कई हथियार और गोलियां बरामद की गयी थीं. निर्मल भुइयां और ओरिया भुइयां उसी गांव के निवासी हैं.
इसे भी पढ़ें : तापसी पन्नू स्टारर फिल्म रश्मि रॉकेट में झारखंड के कई कलाकारों को भी हुनर दिखाने का मिल रहा है मौका




