
Palamu : चतरा सांसद सुनील सिंह के प्रतिनिधि के घर हमले के आरोपी पूर्व माओवादी संदीप यादव उर्फ कैला को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से नाइन एमएम की कार्बाइन के अलावा कई गोलियां एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
जिले की पांकी पुलिस को कैला को गिरफ्तार करने में सफलता मिली. पांकी थाना क्षेत्र के हेड़ुम का रहनेवाला कैला पर 10 मामले दर्ज हैं. जिसमें केवल पांकी थाना क्षेत्र में ही कैला ने नौ आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था. जबकि एक मामला लातेहार के बालूमाथ के हेरहंज में दर्ज है.
इसे भी पढ़ेंः #E-Pass वेबसाइट से गिरिडीह के लोगों को बड़ी मुश्किल से मिल रहा लाभ, साइट खुलने में भी परेशानी
गुप्त सूचना पर मिली सफलता
एसपी अजय लिंडा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कैला हेडुम व मतनाग के जंगली क्षेत्र में अपने दस्ता के सदस्यों के साथ मौजूद है.
पांकी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. जिसके बाद माओवादी कैला व हेड़ुम के ही रहनेवाले उसके सहयोगी शम्भू यादव व अजय यादव को हथियार व गोली के साथ पकड़ा गया.
क्या क्या मिला पुलिस को
कैला औऱ उसके सहयोगियों के पास से पुलिस को नाइन एमएम का कार्बाईन, एक मैगजीन, नाइन एमएम की 91गोलियां मिली है.
कैला के सहयोगी अजय यादव पर आधा दर्जन मामला दर्ज है. जिसमें पांच मामला पांकी व एक हेरहंज थाना में दर्ज है. वहीं शम्भू यादव पर पांकी थाना में एक मामला दर्ज है. छापेमारी दल में पांकी थाना प्रभारी के साथ हीरालाल साह व सैट वन के सशस्त्र जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ेंः #Lockdown: 11 मई को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे पीएम, लॉकडाउन पर आगे की रणनीति होगी तय
10 वर्ष तक रहा है माओवादी संगठन में
गिरफ्तार माओवादी कैला यादव दस वर्ष पूर्व में माओवादी संगठन से जुड़ा था. पांकी के केकरगढ़, मतनाग क्षेत्र में यह सक्रिय रहा है. वर्ष 2020 के जनवरी माह में वह बुढ़ा पहाड़ पर सक्रिय माओवादियों के दस्ते में भी शामिल रहा है. इसके बाद वह माओवादी दस्ता से निकलकर अपना एक छोटा दस्ता जेएलटी के नाम से बनाया था. लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में व्यापारी, ठेकेदार से रंगदारी व लेवी मांगने का काम किया था.
चतरा सांसद प्रतिनिधि के घर बोला था हमला
गत 14 अप्रैल को पांकी के द्वारिका गांव में चतरा सांसद प्रतिनिधि के घर रंगदारी मांगने के उद्देश्य से हमला बोला था. सांसद प्रतिनिधि के पिता पीडीएस डीलर है. डीलर शंकर साव के घर पर फायरिंग की थी. इसके बाद से ही पुलिस लगातार इसकी जानकारी इकट्ठा करने में लगी थी. जिस कारण यह जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में आ गया. इसके तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
इसे भी पढ़ेंः लॉकडाउन में नहीं रुक रहा मजदूरों की मौत का मामला : घर लौट रहे 10 प्रवासी मजदूरों की मध्यप्रदेश में गयी जान




