
Dhanbad : वेल्लोर व बेंगलुरु में फंसे धनबाद जिले के 279 निवासी रविवार को वापस अपने गृह जिले में लौट आये हालांकि अभी उन्हें अपने घर लौटने की इजाजत तो नहीं मिली है लेकिन अपने शहर लौट कर लोगों ने राहत की सांस ली है. जिले के सभी 279 लोग ट्रेन से हटिया पहुंचे. जहां से धनबाद जिला प्रशासन बसों के माध्यम से सभी को गोल्फ ग्राउंड लेकर गया. यहां सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की गयी.
इसे भी पढ़ेंः लॉकडाउन में नहीं रुक रहा मजदूरों की मौत का मामला : घर लौट रहे 10 प्रवासी मजदूरों की मध्यप्रदेश में गयी जान
हटिया से बसों से लाये गये सभी लोग

देश के दूसरे राज्यों में फंसे झारखंड के निवासियों को वापस लाने का सिलसिला जारी है. ऐसे सैंकड़ों लोग इलाज कराने वेल्लोर गये और लॉकडाउन के कारण वहीं फंस गये. वहीं काफी संख्या में बेंगलुरु में भी छात्र छात्राएं व मजदूर फंस गये, जिनकी अब वापसी हो रही है. रविवार को तमिलनाडु के वेल्लोर व कर्नाटक के बेंगलुरु से हटिया आयीं दो विशेष ट्रेनों में सवार होकर धनबाद जिले के 279 लोग भी लौटे.
हटिया से सभी को धनबाद जिला प्रशासन ने अपनी बसें भेजकर वापस मंगवाया. सभी लोगों को पहले गोल्फ ग्राउंड लाया गया, जहां उनकी स्क्रीनिंग करके सदर अस्पताल भेज दिया गया. वहां उनकी कोविड जांच के लिए स्वाब कलेक्ट कर उन्हें उनके संबंधित प्रखंडों में इंस्टीट्यूशनल क्वॉरेंटाइन कर दिया जायेगा.
उत्पन्न हो गया था खाने – पीने का संकट
एक दर्जन से अधिक बसों में सवार होकर रांची से आये लोगों ने बताया कि इलाज के लिए गये और इलाज हो जाने के बावजूद लॉकडाउन में सभी लोग फंस गये. मरीज व उनके परिजनों के अनुसार इतने लंबे चले लॉकडाउन के कारण काफी परेशानी होने लगी थी. खाने – पीने के साथ साथ कई प्रकार की दिक्कत होने लगी थी. उन्होंने घर लौटने पर खुशी जतायी है.
इसे भी पढ़ेंः #Lockdown: 11 मई को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे पीएम, लॉकडाउन पर आगे की रणनीति होगी तय
बंगाल के भी 400 लोग पहुंचे धनबाद
वहीं पूरे मामले पर नजर रख रहे जिला परिवहन पदाधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि वेल्लोर व बेंगलुरु में फंसे धनबाद के लोगों को हटिया से बसों के माध्यम से यहां लाया गया, जिन्हें जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है.
वहां उनकी जांच कर सम्बंधित प्रखंडों में भेज इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन कर दिया जायेगा. उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल से भी वहां की बसों पर सवार होकर झारखंड के अलग-अलग जिलों के 400 से अधिक लोग यहां आ रहे हैं जिसमें से जिले के बाहर के लोगों को वहां की बसों में बिठाकर धनबाद से भेजा जाएगा, जबकि बंगाल से आयी बसों में धनबाद में फंसे बंगाल के मजदूरों को भेजने का काम भी किया जायेगा.
बाहर से आ रहे लोगों की जांच में न हो विलंब : एसडीएम
दूसरी ओर जिला प्रशासन ने किसी तरह की अराजकता न फैले इसकी तैयारी सदर अस्पताल में कर ली है. आज एसडीएम राज महेश्वरम ने सदर अस्पताल जाकर तैयारियों का मुआयना किया. उन्होंने बताया कि एक दिन पहले वेल्लोर से लौटे लोगों के कोविड जांच में विलंब हो गया थी, वैसी स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए पर्याप्त तैयारी कर ली गयी है. लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसकी पूरी व्यवस्था भी कर ली गयी है.
उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को भी तड़के साढ़े चार बजे सूरत से 1205 सवारियों को लेकर विशेष ट्रेन आ रही है. इसमें धनबाद के अलावा राज्य के दूसरे जिलों के लोग भी यहां आयेंगे, जिन्हें उनके गृह जिलों में भेज दिया जायेगा. बहरहाल लोग अपने घरों के करीब तो लौट जा रहे हैं लेकिन उनकी पूरी जांच में कहीं से ढिलाई न हो इसका भी ध्यान रखा जाये, अन्यथा स्थिति बिगड़ने में समय नहीं लगेगी.
इसे भी पढ़ेंः BIT मेसरा के बीबीए-बीसीए कोर्स में एडमिशन के लिए 10 जून तक करें अप्लाई




