Palamu

राष्ट्रीय जनता दल का पलामू प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

Palamu: विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों के द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन पर जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में रविवार की दोपहर 2 बजे डालटनगंज के टाउन हॉल में राष्ट्रीय जनता दल का पलामू प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, झारखंड प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, उपाध्यक्ष ममता भुइयां, जिला अध्यक्ष धनंजय पासवान समेत प्रदेश एवं जिला स्तर के नेता शामिल हुए.

नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में सीटों को लेकर हिस्सेदारी से संबंधित बयानबाजी पार्टी नेता सार्वजनिक तौर पर नहीं करें. चौक चौराहा पर चर्चा करने से बचे. इसके लिए पार्टी स्तर से नेता अधिकृत हैं. वह आपकी बात को रखेंगे. अपनी उम्मीदवारी साबित करें. गांव में मजबूत संगठन खड़ा करें, तभी जीत पाएंगे. उन्होंने कहा कि हमारा मुकाबला वैसे दल से है जो षड्यंत्र और उन्माद फैलाने मैं उस्ताद है. इसलिए जब तक हमारा बूथ स्तर का संगठन सशक्त नहीं होगा, हम ऐसी ताकत से मुकाबला नहीं कर सकते.

बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा के चुनाव में इंडिया गठबंधन भारी बहुमत से जीतेगा. भाजपा के लोग देश में परिवर्तन के लिए यात्रा कर रहे हैं, झारखंड में इसका कोई असर नहीं होगा. मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि पलामू प्रमंडल समाजवादियों की धरती रही है और हमारी लड़ाई अपने लोगों के साथ में ही है. जितने भी बीजेपी के विधायक हैं वह पहले राजद के विधायक या नेता हुआ करते थे. भाजपा आयात करके ऐसे नेताओं को अपने दल में शामिल कर ली है और जीतने की मंशा पाल रखी है, लेकिन इस बार का मुकाबला टक्कर का होगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन जिला अध्यक्ष धनंजय पासवान ने किया.

Related Articles

Back to top button