
Palamu : जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक रेल कर्मी का शव उसके किराये के मकान से बरामद किया गया है. मोहम्मदगंज नहर चौक के समीप रेलकर्मी का शव उसके मकान में रविवार की सुबह देखा गया. रेलकर्मी की पहचान 52 वर्षीय ट्रैकमैन धीरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि रेलवे के ट्रैक मैन धीरेंद्र प्रसाद ड्यूटी से शनिवार की रात अपने मकान में आए थे. सुबह उन्हे कमरे में मृत पाया गया. शव देखने से पता चलता है की उन्हे उल्टी हुई होगी. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस, रेलवे अधिकारियों व परिजन को ग्रामीणों ने दी है. स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.
पुलिस रेलकर्मी के परिजनों का इंतजार कर रही है. उनके पहुंचने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजेगी. मृतक धीरेंद्र प्रसाद बिहार राज्य के नालंदा जिला के इस्लामपुर के रहने वाले थे. शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
इसे भी पढ़ें :केंद्र सरकार राज्य का एक लाख 30 हजार करोड़ रुपये बकाया भुगतान कर दे तो 24 घंटे मिलेगी बिजली : सीएम




