Palamu

पलामू: मेगा रोजगार मेला में 1300 युवाओं को मिली नौकरी, श्रम नियोजन प्रशिक्षण विकास विभाग के मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने दिये नियुक्ति पत्र

Palamu: झारखंड सरकार रोजगार की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रही है. बेरोजगार युवक एवं युवतियों को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य के सभी जिलों में सरकारी एवं गैर सरकारी विभागों में लगातार नियुक्तियां कर रही है. कौशल विकास विभाग विभिन्न जिलों में अच्छा काम कर रहा है।.जो लोग रोजगार से जुड़ना चाहते हैं उसके लिए सरकार के दरवाजे खुले हुए हैं. उक्त बातें श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कही. वे शुक्रवार को टाउन हॉल में बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए आयोजित मेगा रोजगार मेला में बोल रहे थे. उद्घाटन मंत्री श्री भोक्ता, पलामू उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे, उप विकास आयुक्त रवि आनंद सहित अन्य लोगों ने दीप प्रज्जवलन कर किया.
रोजगार मेला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 4000 से अधिक युवक-युवाओं ने भाग लिया, जिसमें 1600 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा 1300 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये. मंत्री ने कहा कि कौशल विकास विभाग द्वारा बिरसा योजना के तहत 15 जुलाई को 80 प्रखंडों में कौशल विकास सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा होना सुनिश्चित है.
उपायुक्त ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण केंद्रों को बढ़ाने की पहल होगी, ताकि अधिसंख्य युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा सके. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को राज्य में ही रोजगार से जोड़ने की वकालत की.
जिला कौशल पदाधिकारी एतवारी महतो ने बताया कि कौशल विकास मिशन सोसाइटी के तहत 10 कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं, इनमे से तीन दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र हैं. वहीं 7 सक्षम झारखंड कौशल विकास केंद्र संचालित हैं. बिरसा योजना से संचालित दो केंद्र पांकी एवं छतरपुर केंद्र का उद्धघाटन मुख्यमंत्री के हाथों होना है. मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत संचालित विभिन्न केंद्रों में 16485 प्रशिक्षणार्थी नामांकित है वही 13662 प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं. इसके साथ ही 5160 प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो चुके हैं.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बेस्ट कॉरपोरेशन, यशस्वी ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन, चैतन्या फाइनेंस, एलआईसी ऑफ इंडिया, ग्राम तरंग प्राइवेट लिमिटेड उड़ीसा सहित अन्य कंपनियों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी, उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता रवि कुमार, नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक एवं झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा एवं अन्य मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button