JharkhandPakurRanchi

पाकुड़ः दो समुदायों में झड़प के बाद सात लोगों की गिरफ्तारी, दूसरी तरफ डेमोग्रैफी को लेकर छिड़ी सोशल मीडिया पर बहस, हेमंत बीजेपी के निशाने पर

Ranchi: पाकुड़ जिला अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इलामी गांव में गुरुवार को दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई है. कई घरों पर हमला भी हुआ है. गांव की एक लड़की की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने की वजह से विवाद शुरू हुआ. मारपीट के बाद कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था. लेकिन, गुरुवार को दोबारा बड़ी संख्या में लोगों ने एक खास समुदाय के लोगों के घरों पर हमला कर दिया और कई लोगों के साथ मारपीट की. इसके बाद इलामी चौक पर भी कई दुकानों में तोड़फोड़ की गयी. बाद में जिले के अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटना में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं. एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

सात लोगों की गिरफ्तारीः एसपी

इस मामले पर पाकुड़ के एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांतिपूर्ण  स्थिति बनी हुई है. मामले में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हुई है. सभी से पूछताछ जारी है. एसपी प्रभात कुमार का कहना है कि मामला लड़की से जुड़ा हुआ था. लेकिन कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रूप का रंग दे दिया.

पाकुड़ की घटना ने लिया सियासी रंग

2024 विधानसभा चुनाव का शंखनाद ही सथाल परगना के डेमंगैरफी को लेकर शुरू हुआ है. बीजेपी लगातार संथाल मे घुसपैठ का आरोप हेमंत सरकार पर लगा रही है. दूसरी तरफ इंडी गठबंधन के पदाधिकारी सीधे तौर पर केंद्रीय गृहमंत्रालय को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. लगातार बहसबाजी हो रही है. पाकुड़ की इस घटना ने डेमोग्रैफी को लेकर छिड़ी बहस को और रंग दे दिया है. बीजेपी के दिग्गज सोशल मीडिया पर हेमंत सरकार को घेर रहे हैं.

सोशल मीडिया एकस पर पाकुड़ की घटना वाली वीडियो पोस्ट करते हुए पूर्व मुथ्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि “जब रोम जल रहा था, तब नीरो बंसी बजा रहा था…आज के संदर्भ में ये बात हेमंत सोरेन पर भी सटीक लागू होती है. झारखंड का संथाल परगना क्षेत्र बांग्लादेशी घुसपैठियों के आतंक की आग में झुलस रहा है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रमण में व्यस्त हैं. घुसपैठियों के आतंक से संथाल परगना के आदिवासी मूलवासी अब अपने घरों से ही पलायन करने को विवश हो चुके हैं.

झारखंड के हालात 90 के दशक की कश्मीर और वर्तमान बंगाल-केरल के जैसे बदतर बनते जा रहे हैं, जहां राज्य सरकारें मुस्लिम तुष्टिकरण की आड़ में हिन्दुओं के ऊपर हो रहे हमले को देखकर आंखे मूंद ले रही है. पाकुड़ के तारानगर गांव में मुस्लिम युवक द्वारा युवती को ब्लैकमेल किए जाने का विरोध करने पर बांग्लादेशी घुसपैठयों ने हिन्दुओं के घरों पर हमले कर दिए. ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुप्पी बताती है कि उनकी सरकार का मौन समर्थन इन घुसपैठियों को प्राप्त है. हेमंत जी, याद रखिए झारखंड को तालिबान नहीं बनने दिया जाएगा… आपकी सरकार कुछ महीनों की मेहमान है. फिर इन घुसपैठियों और उनके सरपरस्तों को भी प्रदेश से बाहर खदेड़ा जाएगा.”

वहीं गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर पाकुड़ की घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि “झारखंड में कांग्रेस के शासन में यह पाकुड़ का तारानगर इलामी गांव वीरान हो गया. दोष क्या, एक नाबालिग लड़की का वीडियो बनाकर मुस्लिम लड़का ब्लैकमेल कर रहा था. विरोध करने पर पूरे हिंदू को ही गांव छोड़ने के लिए पश्चिम बंगाल से बांग्लादेशी घुसपैठिया आ गए. झारखंड पुलिस अब पश्चिम बंगाल के लोगों के हाथों असहाय. संथालपरगना कश्मीर घाटी बनने की राह पर, जहां हिंदू विस्थापित हुए अपने ही देश में.”

सदन के नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है कि “पाकुड़ में पुलिस-प्रशासन की गाड़ियों के साथ कट्टरपंथी मानसिकता वाले हेमंत सोरेन के बांग्लादेशी मेहमानों का कुकृत्य देखिए. लिख कर ले लीजिए, मुख्यमंत्री जी या उनके किसी मंत्री द्वारा एक शब्द नहीं कहा जाएगा अन्यथा उनका वोट बैंक नाराज हो जाएगा !”

Related Articles

Back to top button