World

चीन से आगे निकला पाकिस्तान, कोरोना के मामले में 17वें नंबर पर पहुंचा

Islamabad: पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले गुरूवार को चीन से ज्यादा हो गये. पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में 4,688 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 85,246 हो गये. अमेरिकी जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय  के आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के 84,160 मामलों के साथ चीन विश्व में वायरस से प्रभावित देशों की सूची में 18वें नंबर पर है. जबकि पाकिस्तान 17वें नंबर पर है.

इसे भी पढ़ें – राहुल से बोले राजीव बजाज: कठोर लॉकडाउन से औंधे मुंह गिरी GDP, अर्थव्यवस्था हुई तबाह

पाक के 32,910 मामले सिंध प्रांत में

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने गुरूवार को बताया कि अभी तक पाकिस्तान में वायरस से 1,770 लोगों की जान जा चुकी है. जिनमें से 82 लोगों की जान पिछले 24 घंटे में गयी है. मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 4,688 नये मामले भी सामने आये. अभी तक 30,128 लोग ठीक भी हो चुके हैं.

देश में संक्रमण के सबसे ज्यादा 32,910 मामले सिंध प्रांत से, इसके बाद पंजाब में 31,104, खैबर पख्तुनख्वा में 11,373, बलूचिस्तान में 5,224, इस्लामाबाद से 3,544, गिलगित-बाल्टिस्तान में 824, आजाद कश्मीर (पाकिस्तान के कब्जे वाले) में 285 मामले हैं.

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 20,167 नमूनों की जांच भी की गयी. अभी तक देश में 615,511 लोगों की जांच हो चुकी है. चीन के वुहान से पिछले साल कोरोना विश्व में फैल गया. इस वायरस से दुनियाभर में अभी तक 6,511,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3,86,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है.

इसे भी पढ़ें – राज्य में 779 कोरोना मरीजों में से 459 की उम्र 30 साल से कम, 50 से अधिक के मात्र 53 लोग

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button