नई दिल्ली: भारतीय फैशन डिजाइन परिषद (एफडीसीआई) ने गुरुवार को आगामी अमेजन फैशन इंडिया वीक ऑटम/विंटर 2017 का पार्टनर झारखंड राज्य को बनाए जाने की घोषणा की है। सौंदर्य उत्पाद की कंपनी मेबलीन न्यूयॉर्क के सहयोग से इस चार दिवसीय फैशन शो का आगाज 15 मार्च से होगा। शो का आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
एफडीसीआई के बयान के मुताबिक, शो में विभिन्न डिजाइनर वस्त्र कंपनी तुषार फैब्रिक के कपड़ों से तैयार परिधानों को पेश करेंगे।
यह शो डिजाइनर शाइना एनसी की निगरानी में होगा। वह अपना परिधान संग्रह भी पेश करेंगी।
झारक्राफ्ट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के. रविकुमार के मुताबिक, “हस्तशिल्प के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने, रेशम उत्पादन के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के जीवन में बदलाव लाने, हथकरघा और झारखंड से संबंधित अन्य गतिविधियों के मिशन को लेकर एफडीसीआई के साथ जुड़कर झारक्रॉफ्ट बेहद खुश है।”
एफडीसीआई के अध्यक्ष सुनील सेठी का कहना है कि झारखंड के साथ साझेदारी से एक प्रकार से हस्त शिल्प के संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सेठी ने कहा कि इसके जरिए झारखंड की छुपी हुई प्रतिभाओं के उभरने का मौका मिलेगा।




