
Sonua : पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ के उड़नचौका और गोंडासाई गांव में डायरिया का प्रकोप है. दर्जनों लोग डायरिया की चपेट में हैं. सभी लोगों को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम से गांव के कई लोगों को अचानक दस्त व उल्टी होने लगी. गांव की निवासी और पोड़ाहाट की पंचायत समिति सदस्य रानी बांदिया ने इसकी सूचना सोनुआ अस्पताल को दी. इसके बाद मरीजों को एंबुलेंस से लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई लोगों को मंगलवार की सुबह को भी अस्पताल में भर्ती किया गया. गांवों में डायरिया फैलने की खबर मिलने पर पोड़ाहाट पंचायत के मुखिया अजित माझी भी मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मरीजों का हाल जाना और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पराव माझी से गांव में मेडिकल कैंप लगाने का आग्रह किया.
गांव पहुंची मेडिकल टीम, बीडीओ ने भी लिया जायजा

सोनुआ अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पराव माझी के नेतृत्व में मेडिकल टीम भी उड़नचौका और गोंडासाई गांव पहुंची. डॉक्टर और मेडिकल टीम ने डायरिया पीड़ित लोगों के घरों में जाकर पूरी स्थिति का जायजा लिया. सोनुआ के बीडीओ नंदजी राम भी पहुंचे. उन्होंने भी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से पूरी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने डायरिया पीड़ित परिवारों और अन्य ग्रामीणों से मिलकर साफ-सफाई और खानपान पर विशेष सावधानी बरतने को कहा. बीडीओ अस्पताल भी गये और अस्पताल में भर्ती डायरिया पीड़ितों का हाल जाना. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अस्पताल की साफ-सफाई के बारे में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें – कहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमत बन न जाए मरीजों के लिए आफत




