
Koderma: सोमवार को ब्लॉक मैदान झुमरीतिलैया में बिरसा हरित ग्राम योजना अन्तर्गत पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई. मंत्री अन्नपूर्णा देवी, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त ऋतुराज व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा आह्वान किया गया है कि “एक पौधा मां के नाम.’ इस विषय में हम सभी को अपने अपने स्तर से सोचना है और पौधा लगाना है. आज के समय में देखा जाए तो गर्मी काफी हो रही है, जल स्तर नीचे जा रहा है, बारिश कम हो रही है. हमें अपने आने वाली पीढ़ी के बारे में सोचना होगा. लोग अधिक से अधिक पौधा लगाएं. एक पौधा मां के नाम के प्रति जागरूक करें और अपने घरों के आसपास पौधा लगाएं. उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पौधा रोपण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा महत्त्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही है. बिरसा हरित ग्राम योजना का लाभ लेकर बागवानी करें, इससे आपके आय का स्रोत भी बढ़ेगा और आपके आसपास का वातावरण स्वच्छ रहेगा. वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला और उप विकास आयुक्त ऋतुराज ने कहा कि सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़कर बागवानी करें और फलदार पौधे लगाएं. साथ ही अधिक से अधिक पौधा लगाएं. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत् नव चयनित लाभुक एवं जे.एस.एल.पी.एस के दीदी लोगों को आम का पौधा का वितरण और पौधरोपण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, अनुमण्डल पदाधिकारी रिया सिंह, अपर समाहर्ता पूनम कुजुर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमन गुप्ता, अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार पांडेय व प्रखंड के कर्मी व स्थानीय जनप्रतिनिधी मौजूद रहे.




