
Akshay Kumar Jha
Ranchi: अमूमन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो 11.05 बजे सदन में दाखिल होते हैं. देखते ही देखते दो मिनट में बीजेपी के विधायक वेल में पहुंच जाते हैं. अध्यक्ष के लाख समझाने के बाद भी बीजेपी के विधायक सीट पर नहीं लौटते हैं.
बुधवार को भी पूरा दिन यही देखने को मिला. बुधवार को तो सदन में बीजेपी विधायकों ने हूटिंग करनी भी शुरू कर दी. मामला बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने का है. स्पीकर का कहना है कि बाबूलाल मरांडी के नेता प्रतिपक्ष बनने का मामला विचाराधीन है. जल्द ही इस पर फैसला आ सकता है.
वहीं अब बीजेपी के विधायक कह रहे हैं कि सभी चीजें नियमसंगत होने के बावजूद जेएमएम की सरकार बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनने देगी.
इसके पीछे और कुछ नहीं बल्कि 26 मार्च को होनेवाला राज्यसभा चुनाव है. लेकिन गौर करनेवाली बात है कि अगर ऐसा होता है तो राज्यसभा सांसद बनने की राजनीति की वजह से सरकार के लाखों रुपये 18 दिन की कार्यवाही पर जाया होंगे. जनता की बात सदन में नहीं होगी.
इसे भी पढ़ें – #JharkhandVidhansabha: बोले इरफान- कुत्तों की तरह भौंक रहे BJP विधायक, BJP के अमित मंडल का जवाब– विधायक बनते ही स्पीकर पर फेंकी थी माइक
बाबूलाल की सदस्यता रद्द करने की रणनीति बना रहा जेएमएमः बिरंची
विधानसभा परिसर में बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने न्यूज विंग से बात की. उन्होंने सदन न चल पाने के पीछे की वजह पर अपने विचार ऱखे. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं घोषित करने के पीछे जो खेल हो रहा है उसके पीछे राज्यसभा चुनाव की राजनीति है.
उन्होंने कहा कि सीधी बात है कि जेएमएम की निगाह राज्यसभा की दूसरी सीट पर भी है. यही वजह है कि ढुल्लू महतो को पुलिस का डर दिखा कर बार-बार परेशान किया जा रहा है. ढुल्लू महतो भागे रहें, वो वोट करने सदन नहीं आयें, जेएमएम यही चाह रहा है.
साथ ही साथ इनकी योजना है कि बाबूलाल मरांडी की सदस्यता रद्द कर दें. जेएमएम की गतिविधियों से लग रहा है कि चुनाव से एक दिन पहले इनकी सदस्यता रद्द की जायेगी. सत्ता पक्ष जानता है कि मामला कोर्ट में जाने के बाद समय लगता है. यह पूछे जाने पर कि अगर ऐसा होता है तो बाबूलाल कहां से चुनाव लड़ेंगे, बिरंची नारायण ने कहा कि इस पर पार्टी को विचार करना है.
इसे भी पढ़ें- #Nirbhaya_Case : राष्ट्रपति ने चौथे दोषी पवन की दया याचिका भी खारिज की, फांसी से बचने के सारे रास्ते बंद
बीजेपी संख्याबल में काफी पीछे इसलिए वो जीत का ख्वाब न देखे: जेएमएम
इस मामले पर जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता सह महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने न्यूज विंग से कहा कि बाबूलाल का मामला अलग है. वो दसवीं अनुसूची का मामला है. इसमें कहीं से कोई राजनीति नहीं हो रही है. मामला विधानसभा के अध्यक्ष के पास है.
रही ढुल्लू महतो की बात तो अगर वो निर्दोष हैं तो वो कानून से भाग क्यों रहे हैं. कानून के सामने आना चाहिए. गिरफ्तारी होती भी है, तो वो कोर्ट की सहमति के बाद वोट तो दे ही सकते हैं. बीजेपी के लोग जो भी आरोप लगा रहे हैं वो निराधार है. उन्हें पता है कि उनके पास संख्याबल नहीं है. इसलिए जब इनके पास संख्याबल नहीं है, तो उन्हें जीतने का ख्वाब देखने की जरूरत क्या है. 28 वोट के बाद भी जो सरप्लस वोट हमारे पास है वो भी बीजेपी से ज्यादा है. इसलिए ऐसा कहना कि विधानसभा सत्र राज्यसभा की राजनीतिक की वजह से नहीं चल रहा है, गलत है. विधानसभा बीजेपी चलने नहीं दे रही है.
इसे भी पढ़ें – हाइकोर्ट से राहतः ढुल्लू महतो और उनके भाई के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट निरस्त



