
Jamshedpur : सरकार ने कहा है कि सुवर्णरेखा परियोजना को धन की कमी नहीं होने दी जाएगी. बुधवार को झारखंड विधानसभा में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के सवाल के जवाब में सरकार ने उत्तर दिया है कि इस परियोजना के लिए बजट में 181.45 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है. इसके अलावा अनुपूरक बजट तथा नाबार्ड ऋण से राशि लेने करने की कार्यवाही की जा रही है. सरकार ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 200 करोड़ के केंद्रीय अनुदान के लिए राज्य सरकार ने भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय से अनुरोध किया है.
इसे भी पढ़ें – सोनारी मैरीन ड्राइव पर बाइक सवार बैठी महिला की साड़ी टायर में फंसी, गई जान
रयू राय ने पूछा था कि क्या यह बात सही है कि परियोजना में राज्य सरकार को 4882.17 करोड़ और केंद्र सरकार को 610 करोड़ रुपया खर्च करना है, लेकिन चालू वित्तीय वर्ष में सरकार द्वारा परियोजना के शीर्ष में मात्र 181.45 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है, जिससे परियोजना के अधर में लटकने की आशंका है. सरकार ने अपने जवाब में कहा है कि परियोजना पर मार्च 2021 तक के व्यय के बाद केंद्र सरकार से 616.96 करोड़ की राशि मिलनी है. शेष 4875.21 करोड़ राज्य सरकार को खर्च करना है. सरकार ने कहा है कि परियोजना पर वित्तीय वर्ष 2021-22 में 117.86 करोड़ रुपये का आवंटन निर्गत किया जा चुका है. आवश्यकतानुसार निधि उपलब्ध कराई जायेगी.
इसे भी पढ़ें – झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष रहेगा या नहीं, इस पर विस कमेटी निर्णय लेगी
अपने सवाल में श्री राय ने पूछा था कि इतनी कम बजट राशि में दिसंबर 2022 तक परियोजना के पूर्ण नहीं होने पर खर्च राशि में बढ़ोतरी के लिए क्या सरकार जिम्मेदार पदाधिकारी पर कार्रवाई करेगी. इसके जवाब में सरकार ने कहा है कि स्वर्णरेखा परियोजना की छठी पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार परियोजना को वित्तीय वर्ष 2023-24 तक पूरा किया जाना है. इसलिए 2024 तक राशि बढ़ने की संभावना नहीं है. इसके अलावा भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा पीएमकेएसवाई -एआईबीपी के तहत चयनित योजनाओं, जिनमें सुवर्णरेखा परियोजना भी शामिल है, को पूर्ण करने की अवधि 2026 तक विस्तारित करने का प्रस्ताव है. अतः किसी पदाधिकारी पर तत्काल कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है.




