
Ranchi: मिलावटी खाद्य पदार्थ को लेकर रांची जिला प्रशासन ने रविवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया. रांची के बाजार में नकली पनीर के खपाने की तैयारी थी. लेकिन इससे पहले ही बूटी मोड़ के पास बस से भारी मात्रा में करीब 10 लाख रुपया के नकली पनीर बरामद किया गया.
यह कार्रवाई बिहार के बख्तियारपुर से रांची आने वाली बस में हुई है. गौरतलब है कि एक दिन बाद होली है और इस त्योहार में मिठाई और पनीर की डिमांड रहती है. इस होली के मौके पर पनीर के रूप में जहर बेचने की तैयारी थी लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए यह रोक लिया.
इसे भी पढ़ें- #YesBank के फाउंडर राणा कपूर को ED ने किया गिरफ्तार, चल रही जांच
राजधानी में होता नकली पनीर का कारोबार
राजधानी रांची में मिलावटी पनीर और खोवे की बड़े पैमाने पर आपूर्ति की जा रही है. ये पनीर बिहारशरीफ, बख्तियारपुर और आरा से हर दिन बसों से लाया जाता है. पनीर की आपूर्ति शहर की कई दुकानों में की जाती है.
स्पंजी पनीर को दुकानों में धोकर बिक्री करने का धंधा वर्षों से चल रहा है. नकली पनीर का खेप सुबह पांच बजे बिहारशरीफ, बख्तियारपुर और आरा से रांची पहुंच जाता है. शहर के कई चौक पर पनीर से लदी बसें रांची पहुंचती हैं और विभिन्न स्थानों पर उसका वितरण किया जाता है.
इसे भी पढ़ें- 24 सोलर कोल्ड स्टोरेज बनाने का सपना अब तक अधूरा, लंबित है ज्रेडा में योजना
इस जहर के धंधे में शहर के कई कारोबारी शामिल
बताया जाता है कि ये जो नकली पनीर बाजार में बेचे जाते हैं वह अन हाइजनिक होते है. इस पनीर को पुराने टीनों में भरकर रांची लाया जाता है. इस नकली पनीर की खपत मुख्य रूप से छोटे-छोटे होटलों में होती है. क्योंकि इसकी कीमत ब्रांडेड पनीर की कीमत से आधी से भी कम होती है.
बिहारशरीफ, बख्तियारपुर और आरा से प्रतिदिन सैकड़ों टन ऐसे नकली पनीर राजधानी में आते हैं. दूध पाउडर, मैदा, व्हाइट ग्रीस, डिटरजेंट, गोंद व यूरिया से बने इस जहर के धंधे में शहर के कई कारोबारी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- #Mahi में अब भी बहुत क्रिकेट बचा है, फॉर्म में रहने पर वे शानदार फिनिशर : सबा करीम
कैसे बनता नकली पनीर
बिहार के बिहारशरीफ, बख्तियारपुर और आरा कई घरों में पनीर बनाने की मशीन है. दूध के केन जैसी दिखने वाली इस बिजली चालित मशीन में एक बार में लगभग 40 किलो तक पनीर बनाया जा सकता है.
मशीन में सबसे पहले पानी डाला जाता है, जो लगातार गर्म होता रहता है. फिर उसमें दूध पाउडर डाला जाता है. इसके बाद यूरिया, डिटर्जेट, व्हाइट ग्रीस, मैदा व गोंद मिलाकर मिश्रण को घुमाया जाता है. थोड़ी देर में मिश्रण फट जाता है. इसके बाद पानी निकालकर नकली पनीर को टिन में पैक कर रांची भेज दिया जाता है.




