
Ranchi: भारत में कोरोना महामारी का प्रकोप थमा नहीं है. रोजाना औसतन 15 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं. झारखंड में भी संक्रमितों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है. ऐसे में कोरोना वैक्सीन के बूस्टर डोज को आवश्यक मानते हुए सरकार ने 18 प्लस के लिए आज से मुफ्त बूस्टर डोज का एलान किया है. आज से अगले 75 दिनों तक मुफ्त बूस्टर डोज दिया जाएगा. अभी तक देखा जा रहा है कि बूस्टर डोज के प्रति लोग लापरवाही बरत रहे हैं. यह लापरवाही मुश्किल में डाल सकती है.
कोरोना के खिलाफ बूस्टर डोज को बेहद जरूरी बताया जा रहा है. वैज्ञानिकों की शोध में यह बात सामने आयी है कि, समय बढ़ने के साथ-साथ कोरोना के खिलाफ शरीर की इम्युनिटी कम होने लगती है. ऐसे में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए बूस्टर डोज बेहद जरूरी हो जाता है. कई जानकारों का मानना है कि कोरोना के खिलाफ जंग में बूस्टर डोज जरूरी है.
कोरोना से बचने के लिए जहां सरकार लोगों से टीका लगवाने की अपील कर रही है वहीं अब कुछ लापरवाही भी सामने आई है. दरअसल, बूस्टर डोज को लेकर चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है. अभी तक 18-59 वर्ष की लक्षित 77 करोड़ आबादी में मात्र एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई है. मालूम हो कि इससे पहले सरकार ने बूस्टर डोज लेने की समय सीमा नौ माह से घटाकर छह माह कर दी है.




