
Ranchi: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड ने राज्य में पानी की उपलब्धता के लिए डैम निर्माण योजनाओं से परहेज करने का इरादा बनाया है. विभागीय सचिव प्रशांत कुमार ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा भी विभाग चेकडैम, बराज और पारंपरिक स्रोतों को ही विकसित करने पर अधिक काम करेगा. डैम में इन्वेस्टमेंट एक चैलेंज है. इसकी तुलना में दूसरे तरीकों पर काम होगा. जल जीवन मिशन भी एक अहम स्कीम है. इसके जरिये भी घर घर जल संकट को दूर करने पर काम जारी है.
कॉन्फ्रेंस में विभाग के संयुक्त सचिव प्रणव कुमार पॉल, इंजीनियर इन चीफ रामनंदन शर्मा, पीएमयू के चीफ इंजीनियर संजय झा सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें:कोरोना की चौथी लहर ने दी दस्तक, राज्य में मास्क पहनना अनिवार्य करे राज्य सरकारः संजय सेठ
जल संकट के 2326 केस दर्ज, 64 फीसदी का निबटारा
प्रशांत कुमार ने विभागीय उपलब्धियों को रखते हुए बताया कि पिछले माह 10 मार्च को एक राज्य स्तरीय वेब आधारित कॉल सेंटर पीएमयू, डोरंडा (रांची) में स्थापित किया गया था. पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित सभी प्रकार की जन शिकायतों की सुनवाई और उसका निदान इसके जरिये हो रहा है. सेंटर में टोल फ्री नं 18003456502 और मोबाइल नं 9470176901 तथा इ-मेल, वाट्सएप के जरिये भी शिकायतें ली जा रही हैं. महीनेभर के अंदर इस पर 2326 शिकायतें दर्ज की गयीं. इनमें से 64.57 फीसदी का निपटारा कर दिया गया है.
सबसे अधिक 1775 शिकायत चापाकल मरम्मति से संबंधित थीं. इसके अलावे इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी 178 केस मिले. इनमें से केवल 34 ही पेंडिंग हैं.
राज्यभर में अभी 440767 नलकूप हैं. 51152 नलकूप बंद पड़े हैं. 389510 नलकूप चालू स्थिति में हैं. गर्मी को देखते हुए विभाग की ओऱ से सभी प्रमंडलों में युद्ध स्तर पर चापाकल की मरम्मत हो रही है. प्रत्येक प्रमंडल में 5 से 7 चापाकल मरम्मति वाहन कार्यरत है.
इसे भी पढ़ें:कॉल रिकॉर्डिंग ऐप्स का काम तमाम, इस दिन के बाद कॉल रिकॉर्ड नहीं कर पाएंगे आप
3 सालों में इतने घरों को मिला वाटर कनेक्शन
पेयजल विभाग के मुताबिक 2024 तक जल जीवन मिशन के तहत राज्य के 59 लाख 23 हजार 320 ग्रामीण परिवारों को वाटर कनेक्शन दिया जाना है. 2019 में योजना आरंभ होने के समय राज्य में 3 लाख 45 हजार 165 घरों में नल से जल पहुंचाया गया था. 31 मार्च 2022 तक 11 लाख 60 हजार 370 घरों में यह सुविधा दी जा सकी है.
अब 2024 तक राज्य में 47 लाख 62 हजार 950 घरों को पानी कनेक्शन दिये जाने पर काम जारी है. 2022-23 में 22 लाख घरों को तथा 2023-24 में शेष 25 लाख 62 हजार 950 घरों को यह सुविधा मुहैया करा दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें:सेंट्रल कमेटी कमजोर, सेकेंड लाइन के भरोसे नक्सली संगठन




