
Ranchi : श्रीवास्तव गिरोह के लिए काम करने वाले और पतरातू क्षेत्र में आतंक पर्याय बने रियाज अंसारी को रामगढ़ पुलिस की टीम द्वारा कोलकाता से गिरफ्तार करने की सूचना है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रियाज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. लेकिन अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टी नहीं की गयी है.
वहीं रियाज अंसारी की गिरफ्तारी को लेकर रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार ने इनकार किया है. प्रभात कुमार ने कहा कि श्रीवास्तव गिरोह के अपराधी रियाज अंसारी को गिरफ्तार करने के लिए रामगढ़ पुलिस की एक टीम कोलकाता गयी जरूर है, लेकिन अभी टीम उसे खोज नहीं पायी है. गौरतलब है कि 24 जनवरी 2019 को झारखंड का अपराधी एवं अमन श्रीवास्तव गैंग के शूटर रियाज अंसारी के भाई शहादत अंसारी उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
इसे भी पढ़ें – #NHAI का कर्ज 1.78 लाख करोड़ पर पहुंचा, सरकार की फिलहाल सड़क निर्माण काम रोकने की नसीहत !
रियाज अंसारी को गिरफ्तार करने कोलकाता गयी है पुलिस
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीवास्तव गिरोह का अपराधी रियाज अंसारी कोलकाता में छिपकर रह रहा है. इसी गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस की एक टीम रियाज अंसारी को गिरफ्तार करने कोलकाता गयी है. इस बारे में रामगढ़ एसपी ने बताया कि टीम रियाज की खोज में कोलकाता गयी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही बताया कि फिलहाल रियाज को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.
इसे भी पढ़ें – रिजर्व बैंक के आंकड़ों का इशारा, नोटबंदी की वजह से # EconomicSlowdown की दस्तक!
रियाज अंसारी के बॉडीगार्ड पिछले सप्ताह हुआ था गिरफ्तार
27 अगस्त 2019 को श्रीवास्तव गिरोह के कुख्यात शूटर रियाज अंसारी का बॉडीगार्ड कुणाल को पुलिस ने गुप्त सूचना पर हजारीबाग से गिरफ्तार किया था. रियाज अंसारी के इशारे पर ही साथ मिलकर कुणाल ने भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. रियाज अंसारी के साथ ही कुणाल एवं अन्य अपराधियों पर पतरातू थाना में तीन कांड और सदर थाना हजारीबाग में दो कांड दर्ज है.
इसके अलावा रियाज अंसारी सहित कुणाल पर पतरातू थाना में झारखंड कंस्ट्रक्शन व स्टील के गोदाम पर फायरिंग करने, रंगदारी वसूलने, जान मारने की नीयत से फायरिंग करने से संबंधित मामले भी दर्ज हैं.
फिलहाल कुणाल हजारीबाग जेल में है और सूत्रों के हवाले से खबर ये भी है कि पूछताछ के दौरान कुणाल से मिली जानकारी के आधार पर ही पुलिस कोलकाता गयी है. और रियाज अंसारी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें – #NewTrafficRule पर खुल कर बोल रहे हैं- पढ़ें लोग क्या कह रहे हैं (हर घंटे जानें नये लोगों के विचार)
पतरातू में रियाज अंसारी ने रंगदारी के लिए की थी फायरिंग और आगजनी
दिसंबर 2018 में पतरातू थाना क्षेत्र में सक्रिय अमन श्रीवास्तव गिरोह से जुड़े अपराधी रियाज अंसारी ने पतरातू क्षेत्र के कई स्थानों पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था. पालु पंचायत के रोचाप निवासी संवेदक अशरफ अंसारी के घर पर जाकर रियाज अंसारी व अन्य चार लोगों ने उसे पतरातु छोड़ने की चेतावनी दी था.
साथ ही जाते-जाते अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की थी. जिसके बाद रियाज अंसारी व उसके सहयोगी पीटीपीएस न्यू मार्केट स्थित एमके शू हाउस की बंद पड़ी दुकान में बाहर से दो राउंड फायरिंग की थी.
इसके बाद सभी अपराधी न्यू मार्केट में व्यवसायी रजत के घर जा पहुंचे थे और उसके घर में के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग की थी. साथ ही गाली-गलौज भी की थी और रजत को पतरातू छोड़ने की धमकी दी थी. इसके अलावा व्यवसायी के कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का भी प्रयास किया था. फिर अपराधी इतने पर भी नहीं माने और पीवीयूएनएल प्लांट गेट के सामने अस्थाई रूप से बने एक होटल को भी जलाने का प्रयास किया.
इसे भी पढ़ें – #NewTrafficRule : ड्राइविंग लाइसेंस के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन व स्क्रूटनी के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है




