
Dharmendra pathak
Chatra : सदर अस्पताल में जेम्स पोर्टल से अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीददारी में 40 लाख रुपये का घोटाला का मामला प्रकाश में आया है. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 12 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन जेम पाेर्टल से 52 लाख में क्रय कर लिया. अधिकारियों पर तरह-तरह के सवाल उठ रहे है. घोटाले की जानकारी होते ही स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव के निर्देश पर क्षेत्रीय उप निदेशक ने जांच का आदेश दिया है. उप निदेशक ने वांछित प्रतिवेदन के साथ क्रय लिपिक के माध्यम से संबंधित संचिका अधोहस्ताक्षारी के समक्ष दो दिनों के भीतर उपस्थापित करने की बात कही है.
क्षेत्रीय उपनिदेशक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिला अस्पताल में कुल 52 लाख रुपये में अल्ट्रासाउंड मशीन का क्रय किया गया है. प्राप्त सूचना के अनुसार प्रासांगिक अल्ट्रासाउंड मशीन की वास्तविक कीमत 12 लाख रुपये है. इतना ही नही आदेश में यह भी अंकित है कि अल्ट्रासाउंड मशीन के खरीद के लिए किस स्तर से व्यादेश प्राप्त हुआ था, क्रय किए जाने वाली मशीन का तकनीकी विशेष विवरण क्या था और मशीन तथा प्रोप का विनिर्देश क्या है? प्राप्त व्यादेश में अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने के लिए क्या निविदा प्रकाशन किया गया था? अल्ट्रासाउंड मशीन क्रय के लिए इस वित्तीय वर्ष में आवंटन उपलब्ध था एवं किस मद से भुगतान किया जाना था, क्या अल्ट्रासाउंड मशीन के क्रय के लिए समिति द्वारा अनुमोदन प्राप्त था? सदर अस्पताल चतरा में पूर्व से कितने अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है व उनका कय किस वित्तीय वर्ष में किया गया है, वर्तमान में वे क्रियाशील है अथवा नहीं आदि बिंदू पर जांच रिपोर्ट मांगा गया है. सूत्रों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में जिला डाटा प्रबंधक पोखराज की भूमिका संदिग्ध है.
क्या कहते हैं जिले के सिविल सर्जन
इस मामले में चतरा के सिविल सर्जन डॉ. एस एन सिंह ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद जेम पोर्टल से की गई है. जांच की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. क्षेत्रीय उप निदेशक को जल्द ही जांच का प्रतिवेदन समर्पित कर दिया जाएगा.




