
Latehar : महुआडांड़ प्रखंड की अम्वाटोली पंचायत के रिगड़ी टांड़ में रहने वाली 65 वर्षीया ऐतवारी देवी (नगेसिया) के शरीर में बुढापे की थकान साफ झलकती है. लेकिन सोमवार को जब उससे अधिकारी मिले तब उसके झुर्रियों वाले चेहरे पर उम्मीद की मुस्कान छा गयी.
कोई सहारा नहीं
बताते चलें कि ऐतवारी नगेसिया जिसका कोई सहारा नहीं है. घर-जमीन भी नहीं है. कई वर्षों से उसका वृद्धा पेंशन और राशन बन्द था. वह होटल में काम कर अपना पेट भर रही थी. इस संबंध में newswing.com में लातेहारः आदिवासी वृद्धा ऐतवारी देवी का कई वर्षों से बंद है पेंशन और राशन शीर्षक से खबर आयी थी.
इसे भी पढ़ें : कटमनी कैशबैक : बीरभूम के तृणमूल नेता ने लौटाये रिश्वत के पैसे
सीओ ने लिया संज्ञान
अंचल अधिकारी जूल्फेकार अंसारी को इसकी सूचना मिली तो वे वृद्धा से मिलने पहुंचे. ऐतवारी ने सीओ को बताया कि पहले राशन और वृद्धा पेंशन बन्द हो गया है क्योंकि आधार नहीं बन पाया, जबकि स्कूल में जाकर फोटो खिंचवाई थी.
उसने सीओ को फोटो खिंचवाने का प्रमाण भी दिखाया. सीओ उसे लेकर प्रज्ञा केंद्र गये. वहीं से आधार कार्ड निकाला गया, जो 2013 में ही बना हुआ था, परंतु ऐतवारी नगेसिया को मालूम नहीं था.
इसे भी पढ़ें : नियम कानून का हवाला देकर पीड़िता को इलाज से रखा वंचित
इस संबंध मे सीओ जुल्फेकार अंसारी ने बताया कि आधार कार्ड को पेंशन खाते से जोड़ दिया गया है. अब पेंशन मिलेगी.
वहीं राशन के विषय में पूछे जाने पर कहा कि अब राशन भी मिलेगा, इसकी जानकारी एमओ को दे दी गयी है.
इसे भी पढ़ें : पीएम आवास योजना: स्वीकृत 1.60 लाख घरों में 48,407 आवास पूरे, 43,822 पर काम जारी




