Vishvajeet Bhatt
Jamshedpur : झारखंड ही नहीं, बल्कि देश भर में बालू की घोर किल्लत है. आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु ने इसका बेहतर विकल्प निकाला है. पत्थर को पीसने पर जो डस्ट निकलता है, उस स्टोन डस्ट का बालू की जगह पर इस्तेमाल ये दोनों राज्य कर रहे हैं. झारखंड में भी पत्थरों की कमी नहीं है. इसलिए झारखंड भी इस विकल्प को आजमा सकता है और बालू की कमी से जूझ रहा रियल एस्टेट सेक्टर कुछ हद तक राहत पा सकता है. झारखंड के केवल एक जिले पूर्वी सिंहभूम से ही राज्य में बालू की खपत का गणित समझा जा सकता है. इस जिले में ही हर महीने एक लाख घन मीटर बालू की खपत है. इस समय स्वर्णरेखा व खरकई नदी के मात्र दो घाटों गुड़ाबांधा प्रखंड के कनियालुका और मुसाबनी प्रखंड के सोनागड़ा से हर महीने 16,500 घन मीटर वैध बालू ही निकल पा रहा है, जबकि आज से लगभग 15 वर्ष पहले तक दोनों नदियों के 55 घाटों से बालू का उठाव होता था.
बाहर से मंगाना पड़ रहा है बालू
वर्तमान में यह जिला बालू की अपनी बाकी की जरूरत दूसरे जिलों और राज्यों से मंगाकर पूरी कर रहा है. निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोग बताते हैं कि एक समय था कि जब बालू को निर्माण की लागत में जोड़ा ही नहीं जाता था. आज वही बालू सोने के भाव मिल रहा है. निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोग बताते हैं कि पांच साल पहले तक पूर्वी सिंहभूम जिले में 55 स्टोन क्रशिंग प्लांट थे. इनसे हर रोज लगभग पांच हजार टन पत्थर और 10 से 12 प्रतिशत निर्माण कार्यों में बालू के स्थान पर सीधे प्रयुक्त होने वाला स्टोन डस्ट निकलता था. मतलब यह डस्ट कुछ हद तक बालू की कमी दूर करने में सक्षम है. इस डस्ट को ढलाई के मिक्स्चर में सीधे सीधे मिलाया जा सकता है. कोई झंझट ही नहीं है.
झारखंड में न तो ग्लेशियर है और न ही रेगिस्तान. लिहाजा यहां नदियां ही बालू बनाती हैं. नदियों में पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर चलते हैं. अपरदन क्रिया के दौरान पत्थर पानी में आपस में टकराते हैं और बालू के रूप में नदी की सतह पर बैठ जाते हैं. नदियों में जब बाढ़ आती है, तो तटों पर बालू का भंडार छोड़कर पानी लौट जाता है. दुर्भाग्य से झारखंड में लंबे समय से ऐसा नहीं हो पाया है. नदियों में नाम मात्र का पानी होने के कारण अपरदन क्रिया हो ही नहीं पा रही है. इसलिए झारखंड की चारों प्रमुख नदियां बालू बना ही नहीं पा रही हैं, जबकि बालू की खपत बेतहाशा है, चिंता की बात यह है कि सूबे में बालू का भंडार महज कुछ साल में ही खत्म हो जायेगा.- प्रो मोहम्मद रियाज, भूगर्भ शास्त्री, करीम सिटी कॉलेज
बहुत लंबी है बालू बनने की प्रक्रिया
विशेषज्ञ बताते हैं कि बालू पानी, हवा और ग्लेशियर के द्वारा की जाने वाली अपरदन क्रिया से बनता है. झारखंड की स्वर्णरेखा, खरकई, दामोदर और कोयल में पानी इतना कम है कि अपरदन क्रिया हो ही नहीं रही है. लिहाजा, लंबे समय से इन नदियों में बालू बन ही नहीं रहा है. उधर बालू का उपयोग और व्यापार बढने से नदियों में बालू के लिए बेतहाशा खनन हो रहा है. ऐसे में प्रचंड प्रवाह और लंबी यात्रा के क्रम में अपने साथ बहाकर और बनाकर नदियों द्वारा खड़ा किये गये बालू का अथाह भंडार खत्म होते ही आने वाली पीढ़ियां बालू के लिए तरस जायेंगे.
नदियों से निकल रहा बालू और खपत का आंकड़ा साफ-साफ बता रहा है कि झारखंड में बालू का स्टॉक कुछ ही साल में खत्म हो जायेगा. करोड़ों वर्षों में बना बालू हमने 100 वर्षों में खर्च कर दिया है. अब बालू की जगह पर पत्थर के डस्ट के इस्तेमाल के विकल्प पर ध्यान देना होगा. – विकास सिंह, अध्यक्ष, जमशेदपुर शाखा, क्रेडाई
जरूरी है वैकल्पिक व्यवस्था पर अमल करना
जानकार बताते हैं कि बालू दिन, महीने या कुछ साल में नहीं बनता. पिछले 100 वर्षों में हमने जो बालू इस्तेमाल किया है, उसे बनने में हजारो-लाखों साल लगे थे. दूसरी ओर, कंक्रीट के जंगल खड़ा करने में हमने बालू की बेतहाशा खपत की. रफ्तार यही रही, तो कुछ ही साल में झारखंड की तमाम नदियों का बालू खत्म होने की कगार पर पहुंच जायेगा. इसलिए सरकार समेत तमाम नदी-पर्यावरण और भू विज्ञान विशेषज्ञों के साथ-साथ आम लोगों को भी इसपर ध्यान देना होगा. साथ ही बालू के विकल्प भी तलाशने होंगे.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : हनुमानजी की प्रतिमा तोड़ने के मामले में थाने में शिकायत, सीसीटीवी लगाने की मांग