
Ranchi: एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग के प्राचार्य एसके मिश्र का स्थानांतरण डीएवी पब्लिक स्कूल,बोकारो, सेक्टर – 4 के प्राचार्य के रूप में होने के कारण एसआर डीएवी पुंदाग परिवार ने उन्हें भाव – भीनी विदाई दी. साथ ही नए प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया, जो पूर्व में डीएवी. पब्लिक स्कूल, बरियातू में प्राचार्य के रूप में महत्त्वपूर्ण सेवा प्रदान का चुके हैं. उन्हें दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची में भी विज्ञान के वरिष्ठ शिक्षक के रूप में कार्य करने का दीर्घकालीन अनुभव प्राप्त है. वे विगत तीस वर्षों से अध्ययन – अध्यापन से जुड़े रहे हैं. उनकी योग्यता तथा समर्पण को देखते हुए उन्हें स्कूल तथा राज्य स्तर पर ‘ उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक ‘ का सम्मान भी प्राप्त हो चुका है. वे रांची के जाने – माने शिक्षाविद हैं.
उन्होंने अपने संबोधन में डीएवी.सी.एम.सी. के गण – मान्य सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो अवसर प्रदान किया गया है, वे पूर्ण समर्पण के साथ उस जिम्मेदारी को पूरी करेंगे. यहां विकास की तमाम संभावनाएं हैं. सभी संसाधनों का उपयोग करके सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ने के प्रयास किए जाएंगे. विद्यार्थियों को भी समझना चाहिए कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है तथा सभी को अपनी क्षमता के अनुसार अपने अधिगम के स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास करना चाहिए. सभा में सभी कक्षाओं के विद्यार्थी तथा उनके शिक्षक – शिक्षिकाएं उपस्थित थीं.




