
Ranchi: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, शाम 5 बजे तक कुल 73.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी. दिन बढ़ने के साथ मतदाताओं का उत्साह और बढ़ता गया. महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया. सुबह 7 बजे मतदान की शुरुआत होते ही ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक मतदाता मतदान केंद्रों की ओर निकल पड़े. कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्था और सुरक्षा के कारण मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हुई. मतदान के दौरान जिला प्रशासन और चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वॉड, माइक्रो ऑब्जर्वर और मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी कर रहे थे ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो. मतदान संपन्न होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है. सभी मशीनें अधिकारियों और प्रत्याशी एजेंटों की उपस्थिति में सील की जा रही हैं. स्ट्रॉन्ग कूम के बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है. प्रशासन के अनुसार, घाटशिला उपचुनाव की मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं.




