
Ranchi : हाथी को साथी बनाने के लिए वन विभाग एक नया प्रयोग कर रहा है. अब रेंजर, फॉरेस्टर और गार्ड नहीं, हाथियों को अब ऊंट कंट्रोल कर रहे हैं. वन विभाग ने दावा किया है कि हाथियों के उपद्रव पर काबू पाने के लिये ऊंट पूरी तरह से सक्षम हैं. इसका प्रयोग सोनाहातू के बारेंदा और आस-पास के जंगलों में किया गया है. वहां की सीमा में ऊंटों की तैनाती भी की गयी है. वन विभाग के अनुसार कई बार ऊंट को देखकर हाथी वापस लौट गये हैं.
क्यों ऊंट को देखकर भाग जाते हैं हाथी
वन विभाग के अनुसार ऊंट में एक खास महक होती है. उस महक को हाथी बर्दाश़्त नहीं कर पाता है. दूसरा कारण यह भी बताया जा रहा है कि ऊंट की गर्दन काफी लंबी होता है. इस कारण हाथी समझता है कि वह जानवर बड़ा होगा. इस मनोवैज्ञानिक असर के कारण भी ऊंट को देखकर हाथी वापस लौट जाता है.
कुनकी हाथी को लाने की योजना हो गयी फेल
इससे पहले हाथियों पर काबू पाने के लिए कुनकी हाथी लाने का प्रयास किया गया. लेकिन यह योजना भी फेल हो गयी. वर्ष 2004-05 में उत्पाती हाथियों से सुरक्षा के लिए कुनकी हाथी खरीदने का निर्णय लिया गया था. 14 अगस्त 2004 में असम से कुनकी हाथी मंगाने के लिए निविदा निकाली गयी थी. इसके लिए असम के विजोयानंद चौधरी का चयन किया गया था. तत्कालीन मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक यूआर विश्वास ने चार माह तक विजोयानंद को कुनकी हाथी लाने का आदेश नहीं दिया. यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया.
इसे भी पढ़ें- सुषमा स्वराज ने कहा था इजरायल दौरे से रणधीर सिंह का नाम हटा किसानों को भेज दीजिए : डीएन चौधरी
अब बरवे में बनेगा एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर
वन विभाग ने अब ओरमांझी के समीप बरवे में एलिफेंट रेस़्क्यू सेंटर बनाने का निर्णय लिया है. इससे पहले धनबाद के वन क्षेत्र और दलमा में रेस़्क्यू सेंटर बनाने का प्रस्ताव था. वन विभाग के अनुसार एक हाथी दो से पांच वर्ग किलोमीटर में भ्रमण करता है. इस हिसाब से धनबाद का वन क्षेत्र रेस़्क्यू सेंटर के लिए उचित नहीं है.
इसे भी पढ़ें- IAS महकमा भी विवादों से नहीं अछूता, ब्यूरोक्रेसी की सरकार से ठनी
क्या कहते हैं सीएफ
वन संरक्षक कमलेश पांडेय ने बताया कि ऊंट की ऊंचाई अधिक रहने पर हाथी पर मनोवैज्ञानिक असर पड़ता है. वह सोचना है कि वह बड़ा जानवर है. इसलिए पीछे हट जाता है.




