
Ranchi : शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत राज्य में केवल 326 स्कूल ही हैं जो एडमिशन लेते हैं. शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इन 326 स्कूलों में एकेडमिक इयर 2018-19 में 14913 बच्चे विभिन्न क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं.
झारखंड में आरटीई के तहत बीते पांच शैक्षणिक सत्र में ऐसे स्टूडेंट्स की संख्या में बढ़ोत्तरी ही हुई है. केवल एकेडमिक इयर 2017-18 में छात्रों की संख्या में कमी आयी थी. इस वर्ष 10539 छात्र निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे थे.
एंट्री लेवल पर है 5501 सीट
लोकसभा में आरटीई से जुड़े एक सवाल के जवाब में दिये गये आंकड़े के मुताबिक राज्य में कुल 5501 सीट है. ये उस क्लास की सीट है, जिस क्लास में कोई निजी स्कूल एडमिशन लेता है. वहीं बीते पांच एकेडमिक ईयर के आंकड़े के अनुसार 2014-15 में 8237, 2015-16 में 10489, 2016-17 में 13244, 2017-18 में 10539 और 2018-19 में 14913 स्टूडेंट्स निजी स्कूलों के विभिन्न क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः प्रवासी मजूदरों को राज्य के कारखानों में काम तो मिल सकता है, लेकिन मजदूरी दर में है काफी अंतर
1005 सीट आरटीई के दायरे में
जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय रांची के आंकड़े के मुताबिक शहर के 70 स्कूलों में 4022 सीट विभिन्न एंट्री लेबल पर हैं. इनमें से 1005 सीट आरटीई के दायरे में आते हैं. जिन स्कूलों में आरटीई के तहत एडमिशन लिया जाता है, उनकी एंट्री लेबल की क्लासेस प्री नर्सरी , नर्सरी, केजी, एलकेजी क्लास है.
2019 में भी नहीं हो पाया पूरा नामांकन
राज्य में एकेडमिक ईयर 2019 में भी आरटीई के तहत एडमिशन का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया. रांची जिला की बात करें तो यहां के 66 स्कूलों के लिए 1682 आवेदन आये थे. इनमें 938 सीटों पर स्कूलों को एडमिशन करना था. लेकिन पिछले साल जून माह के अंत तक एडमिशन का आंकड़ा 150 को भी पार नहीं कर पाया.
इसे भी पढ़ेंः Union Cabinet Decision: किसानों के लिए ‘वन नेशन, वन मार्केट’ का ऐलान, देखें बड़े फैसले




