Uncategorized

लालू व नीतीश की केजरीवाल को बधाई, भाजपा पर प्रहार

पटना : दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद तथा जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जहां अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला किया है। लालू ने सोशल साइट फेसबुक के जरिए केजरीवाल को बधाई दी है तथा भाजपा पर प्रहार किया है।

लालू ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा, “दिल्ली की जनता मुबारकवाद। नफरत और घृणा की राजनीति पर समरसता और सौहार्द की विजय। भाजपा दिल्ली हारी है, अब बिहार की बारी है।”

इधर, नीतीश ने भी दिल्ली चुनाव जीतने पर केजरीवाल को बधाई दी है। नीतीश ने अपने बधाई संदेश में केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा, “देश की जनता न्याय के साथ विकास चाहती है, मूलभूत सुविधाएं चाहती है।”

उन्होंने आगे कहा, “जनता ईमानदार नेतृत्व चाहती है और अहंकार को अस्वीकार करती है।” नीतीश ने दिल्ली के मतदाताओं को भी आप पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद दिया।

इस बीच, पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश ने कहा कि केजरीवाल ने भाजपा के प्रचारतंत्र को करारा जवाब दिया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड में झारखंड विकास मोर्चा को तोड़ने की साजिश रची और अब बिहार में भी उसी फार्मूले को आजमाने की कोशिश में है।

इधर, जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने दिल्ली में ऐतिहासिक जीत पर केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा, “दिल्ली का मिजाज बिहार के मिजाज का संकेत दे रही है। नरेंद्र मोदी के चेहरे को दिल्लीवासियों ने नकार दिया है।”

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बड़ी लड़ाई जीती है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button