
Ranchi: हरिवंश टाना भगत स्टेडियम, रांची में चल रही नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2023 का रविवार को विधिवत समापन हो गया. प्रतियोगता में पदक तालिका में सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक हासिल कर महाराष्ट्र की टीम ने ओवरऑल ट्राफी हासिल की. साथ ही सब जूनियर कैटेगरी की ओवर ऑल ट्राफी पर भी महाराष्ट्र टीम ने ही कब्जा किया. इस प्रतियोगिता में देश भर के अलग अलग राज्यों के 2000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया था. समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में गवर्नर सी.पी. राधाकृष्णन का वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट संतोष अग्रवाल ने स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया. इसके बाद टूर्नामेंट के अंतिम दिन प्वाइंटइ फाईट, लाइट कॉन्टैक्ट,फुल कांटेक्ट, किक लाईट, टीम ईवेंट फाईट और म्यूजिकल फॉर्म के रोचक मुकाबले हुए. मौके पर गवर्नर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. कहा कि पढाई के साथ-साथ आज खेलों में भी लगातार प्रतिस्पर्धा बढती जा रही है. खिलाड़ियों को खेल भावना से ही खेलों को खेलना चाहिए. उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया. सभी खिलाड़ियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी. इस दौरान वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट ने सभी आए हुए अतिथियों का स्वागत किया. बताया कि किकबॉक्सिंग खेल अब विदेशों मे भी खेले जाने वाला प्रमुख खेल बन गया है. झारखंड एमेच्योर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन का भी इस सफल आयोजन के लिए उन्होंने धन्यवाद किया. इस अवसर पर विधायक चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह, वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के महासचिव डॉक्टर संजय यादव, कोषाध्यक्ष अभिषेक जैन, झारखंड एमेच्योर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बिवाश चंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे.




