
New Delhi: पीएम मोदी का महत्वपूर्ण कार्यक्रम मन की बात 30 अप्रैल को अहम पड़ाव पर पहुंच रहा है. इस दिन सौवां एपिसोड जारी होगा. इसे यादगार बनाने के लिए आज (बुधवार) मन की बात राष्ट्रीय कान्क्लेव आयोजित किया जा रहा है. राजधानी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कई दिग्गज जुटेंगे. अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी.
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन अक्टूबर, 2014 को विजयदशमी के पर्व पर पहली बार आकाशवाणी पर शुरू किए गए मन की बात की का सिलसिला शुरू किया था. मन की बात कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विकास और परिवर्तन के लिए प्रेरणादायी काम करने वालों को प्रोत्साहित किया गया. आज चर्चा में भाग लेने वालों में फिल्म अभिनेता आमिर खान, रवीना टंडन और ग्रेमी पुरस्कार विजेता पर्यावरणविद् रिकी केज सहित देश के कई दिग्गज कान्क्लेव के सत्रों में शामिल होंगे. कान्क्लेव का उद्घाटन राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, जबकि शाम को समापन गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी शामिल होंगे.
मंगलवार को पत्रकारवार्ता में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्र ने बताया कि उद्घाटन और समापन सत्र के अलावा कान्क्लेव में चार सत्र होंगे, जिनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल होंगी. बताया गया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में ऐसे लगभग 500 व्यक्तियों और 250 संस्थाओं का उल्लेख कर प्रोत्साहित किया. उनमें से 105 प्रेरक व्यक्ति इस कान्क्लेव में शामिल हो रहे हैं. उल्लेखनीय है कि मन की बात 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित होता है.




