
Ranchi: स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के चौथे दिन द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया. इससे पहले उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के जरिए सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया. राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए अपनी नीतियों और दिशा तय करने का प्रयास किया. हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार ने विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पोषण इत्यादि पर जोर दिया है. राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार का वित्तीय प्रबंधन, रोजगार संरचनाओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया है. स्पीकर ने कहा कि अलग अलग दल, विचारधारा और अलग अलग क्षेत्रों से आते हैं. वे उम्मीद करते हैं कि उन्हें सबों का सहयोग पूर्व के कार्यकाल की तरह मिलता रहेगा. पक्ष, विपक्ष सब उनके लिए बराबर हैं. इस सत्र में वर्तमान वित्तीय वर्ष का द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया. विधानसभा सदस्यों ने इस पर सार्थक रचनात्मक चर्चा की. कुछ सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए. अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रेखांकित भी किया. राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए ये सुझाव निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हैं. वे हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार से उम्मीद करते हैं कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए वांछित सुझावों का आकलन कर अपनी सीमा के तहत आने वाले समय में बजट में समाहित करेंगे.



