
Ranchi: राज्य में संचालित जल जीवन मिशन (हर घर नल जल योजना) की समीक्षा करने को 19 जनवरी (गुरुवार) को एक केंद्रीय टीम रांची आएगी. इस टीम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की सचिव विनी महाजन के अलावा अन्य अधिकारी भी होंगे. अब तक की जानकारी के अनुसार रांची आने के बाद टीम मुख्य सचिव की अध्क्षता में एक बैठक में शामिल होगी जिसमें पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव मनीष रंजन सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी शामिल रहेंगे. इस दौरान सभी जिलों के डीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योजनाओं के अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी. रातू ब्लॉक (रांची) के मुरचू गांव में टीम फिल्ड विजिट भी करेगी. इस दौरान वहां पेयजल योजनाओं के अलावे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित अन्य योजनाओं का अवलोकन करेगी. इसके बाद केंद्रीय सचिव सीएम हेमंत सोरेन तथा विभागीय मंत्री मिथिलेश ठाकुर से भी मिल सकती है.
विभाग की तैयारियां पूरी
केंद्रीय टीम के आगमन को देखते पेयजल विभाग की ओऱ से तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. अफसरों के कार्यों का बंटवारा कर दिया गया है. अभियंता प्रमुख संजय कुमार झा, तकनीकी सलाहकार सुधाकांत झा, सहायक स्टेट कॉर्डिनेटर डॉली कुमार के अलावा अन्य कर्मियों को इसके लिए जरूरी टास्क दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ सीमा से सटे चंदावल गांव पहुंचे एसपी, बन गए डॉक्टर, आला लगाकर की जांच




