
Mujafferpur: सदर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर चौक पर मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित मांस लदे ऑटो को पकड़ा. ऑटो चालक ने भागने का प्रयास किया. आक्रोशितों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पिटाई कर दी. ऑटो को पलट दिया और आग के हवाले कर दिया. जमकर बवाल और हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी थानेदार मणिभूषण कुमार और जैनेंद्र झा दलबल के साथ पहुंचे. चालक को भीड़ की चुंगल से छुड़ाकर उसे हिरासत में लिया गया. आननफानन में आग को बुझाया गया.
आक्रोशितों को समझाकर शांत कराया गया. पुलिस द्वारा लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. इसके बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त हुआ. ऑटो चालक की पहचान नौशाद के रूप में हुई है. उसने पुलिस को बताया कि वह जुरन छपरा से प्रतिबंधित मांस लेकर मड़वन जा रहा था. इसके लिए उसे मोटी रकम देने का लालच दिया गया था. उसने प्रतिबंधित मांस की तस्करी करने वाले का नाम भी पुलिस को बताया है. प्रभारी थानेदार ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है. मांस को पुलिस ने जब्त कर लिया है. वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.




