
Dhanbad: धनबाद के पुटकी 17 नंबर में रविवार को अहले सुबह एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी के द्वारा कोयला खनन के लिए ब्लास्टिंग के दौरान निशा देवी का मिट्टी का मकान गिर गया. मलबे में महिला और उसके 4 बच्चे दब गए. ग्रामीणों के सहयोग से सभी को निकाला गया. घटना तड़के क़रीब 3 बजे की बताई जाती है. परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी मकान गिर गया. मलबे में दबे लोगों की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग जग गए और क़रीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया. निशा देवी को गहरी चोट है, जबकि बच्चे मामूली रूप से घायल हैं. सभी का अस्पताल में इलाज कराया गया. परिवार के सभी सदस्यों को बग़ल के सामुदायिक भवन में रखा गया है. घायलों में महिला निशा देवी और उसके चार बच्चे अनुष्का कुमारी (6 वर्ष), सुगन कुमार (9 वर्ष), कारी कुमारी (4 वर्ष), ख़ुशी कुमारी 2 वर्ष व ख़ुशबू कुमारी (2 वर्ष) शामिल हैं.
स्थानीय निवासी जानकी देवी ने बताया कि पुटकी 17 नम्बर के बग़ल में एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी कोयला खनन के लिए ब्लास्टिंग करा रही है. इससे आसपास के घरों मे दरार पड़ गई है. ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन से कई बार पुनर्वास की मांग की. वार्ता व धरना-प्रदर्शन भी हुआ. इसके बावजूद वहां के लोगों को दूसरी पुनर्वासित नहीं किया गया.




