
Ranchi: केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की सह प्रभारी श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में 4 राज्यों में भाजपा को मिली शानदार विजय पर हर्ष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि 5 में से 4 राज्यों में भाजपा की विराट विजय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना “सबका साथ -सबका विकास” को राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का द्योतक है.
इन चुनाव परिणामों ने यह प्रमाणित कर दिया है कि देश को परिवारवाद, माफ़ियावाद और तुष्टिकरण की राजनीति पसंद नहीं है. साथ ही, समुदाय विशेष को अपनी जागीर समझकर वोट बैंक की राजनीति करनेवालों के दिन भी अब लद गये हैं.
इसे भी पढ़ें:पेटरवार दुष्कर्म मामलाः एसपी चंदन झा न कोयला के काले कारोबार पर कस पा रहे हैं नकेल, न ही लॉ एंड ऑर्डर पर है पकड़
विशेष तौर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम की चर्चा करते हुए श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी श्री आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सफलतापूर्वक जन-जन तक पहुंचाया.
खुद योगी जी ने अपनी तरफ से राज्य की जनता की सेवा पूरी तल्लीनता से की. भोजन, वस्त्र, आवास, बिजली, पानी, रोजगार और सबसे बड़ी बात – सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की.
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा दिये गए दायित्व के निर्वहन के क्रम में पार्टी की नींव की ईंटों यानि समर्पित-सम्मानित कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम देखा, उनकी एकजुटता और जनता के साथ सीधा जुड़ाव देखने को मिला. उन्होंने यूपी की विराट विजय के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है, उनके प्रति आभार प्रकट किया है.
इसे भी पढ़ें:विधानसभा परिसर में लगे ‘यूपी में का बा…, बाबा बा… बाबा बा…’ के नारे




