
Kolkata : जिस फानी तूफान ने ओडिशा-बंगाल में कहर बरपाया, उस पर अब सियासत शुरू हो गयी है. ममता सरकार द्वारा समीक्षा बैठक से इनकार किये जाने के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे मुद्दा बना दिया है. बता दें कि सोमवार को पश्चिम बंगाल के तामलुक में एक रैली में पीएम मोदी ने ममता बनर्जी को स्पीड ब्रेकर दीदी करार देते हुए कहा कि दीदी ने तूफान पर भी राजनीति की. आरोप ल्गाया कि दीदी ने मेरा फोन नहीं उठाया, पलटकर फोन भी नहीं किया. रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में विकास पूरी तरह से खत्म हो गया है.
अहंकार के कारण दीदी ने फानी के मसले पर मेरे फोन का जवाब नहीं दिया. मैंने दो बार दीदी को फोन किया, लेकिन उन्होंने न बात की और न ही पलटकर कॉल किया. अहंकारी दीदी ने अफसरों की मीटिंग भी नहीं होने दी. ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दीदी की इस राजनीति के बीच, मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को फिर भरोसा देता हूं कि केंद्र सरकार पूरी शक्ति से पश्चिम बंगाल की जनता के साथ खड़ी है और राहत के काम में राज्य सरकार का हर तरह से सहयोग कर रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल का बच्चा-बच्चा ट्रिपल टी टैक्स से परिचित है. ये ट्रिपल T टैक्स है – तृणमूल तोलाबाजी टैक्स . कॉलेज में एडमिशन हो, टीचर की भर्ती हो या ट्रांसफर हो. लोग बताते हैं कि सब जगह तृणमूल तोलाबाजी टैक्स लगता है. उन्होंने कहा कि जगाई-मथाई, सिंडिकेट और ट्रिपल T इस कल्चर को चुनौती देने वाला आज तक कोई नहीं था.
इसे भी पढ़ें रमजान में मतदान के समय में बदलाव से चुनाव आयोग का इनकार
भारत की नागरिकता मिलेगी
इसलिए बंगाल की परंपरा और महान संस्कृति से खिलवाड़ करने की छूट इनको मिल गयी, लेकिन अब ऐसा नहीं है. भाजपा सामान्य जन की, गरीब की, किसान की, कामगार की, बेटियों की और युवाओं की आवाज बनकर खड़ी है. पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के हर गरीब साथी को ये भरोसा मिला है कि ये चौकीदार घुसपैठियों की पहचान करेगा, घुसपैठ पर लगाम लगायेगा. गरीब को यह भरोसा जगा है पूजा पाठ करने वाले लाखों साथियों को जिन्हें अपने ही की जा रही है, उनको भारत की नागरिकता मिलेगी.
इससे पूर्व प्रधानमंत्री मोदी आज फानी तूफान से हुए नुकसान का जायजा लेने ओडिशा पहुंचे . केंद्र सरकार ने बंगाल में भी फानी तूफान से हुए नुकसान के लिए एक रिव्यू बैठक का प्रस्ताव रखा था, लेकिन राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है. केंद्र सरकार के सूत्रों की मानें तो सरकार की तरफ से पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को प्रस्ताव दिया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के बाद वहां पर भी रिव्यू बैठक करना चाहते हैं. लेकिन राज्य सरकार की तरफ से जवाब दिया गया है कि अभी राज्य के अधिकारी चुनाव में व्यस्त हैं, इसी कारण रिव्यू बैठक नहीं की जा सकती है.
पीएम बतायें, पांच साल क्या किया
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन आरोपों पर पीएम मोदी पर पलटवार किया है. ममता बनर्जी ने कहा कि चीफ सेक्रेटरी प्रधानमंत्री नहीं मुख्यमंत्री के कहने पर काम करता है. उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री पहले बतायें कि उन्होंने पांच साल में क्या किया. उन्होंने अपने संबोधन में बार-बार पीएम मोदी को पूर्व पीएम कहा. ममता ने पूछा कि पहले वो बतायें कि वह अबतक यहां कितनी बार आये, अब चुनाव का समय है तो इसलिए ऐसा कर रहे हैं. बता दें कि ओडिशा में तबाही मचाने के बाद फानी तूफान ने बंगाल की ओर रुख किया था, जिसके बाद वह बांग्लादेश की ओर चला गया था. बंगाल के कई इलाकों में फानी की वजह से तेज आंधी और बारिश देखने को मिली थी, हालांकि यहां कोई हताहत नहीं हुआ था.
इसे भी पढ़ें – तेज बहादुर यादव ने वाराणसी से नामांकन खारिज होने पर सुप्रीम कोर्ट में दस्तक दी




