
Ranchi: मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने मनरेगा की लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है. सभी उपविकास आयुक्क्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी यह प्रयास करें कि अधिक से अधिक मानव दिवस का सृजन हो ताकि मजदूरों को रोजगार मिले. मनरेगा आयुक्त शुक्रवार को मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर ससमय योजनाओं को पूर्ण करवाने एवं ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचाने को सभी डीडीसी के साथ वर्चुअल बैठक में कई दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मनरेगा की प्रमुख योजनाओं यथा बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो विकास योजना, आंगनबाड़ी योजनाओं के आवश्यक प्रगति लाने का निर्देश दिया. ताकि, ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजित किया जाए और योजनाओं का क्रियान्वयन बड़े पैमाने पर हो. उन्होंने कहा कि योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया जाएगा. बैठक में मनरेगा आयुक्त द्वारा मनरेगा अन्तर्गत सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. साथ ही राजेश्वरी बी ने मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन में आवश्यक प्रगति का निर्देश दिया.
विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा
बैठक के दौरान मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी द्वारा मनरेगा में चल रही योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी दी गयी. मनरेगा आयुक्त ने मनरेगा योजना की जिलावार समीक्षा करते हुए जिस जिला में प्रगति धीमी है, वहां आवश्यक प्रगति लाने का निर्देश दिया.बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना इत्यादि पर विशेष फोकस करने को कहा. मनरेगा आयुक्त ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का चयन करें और ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को पूर्ण करायें.
लंबित योजनाओं को कार्ययोजना बना कर ससमय करें पूर्ण
मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी के द्वारा मनरेगा कार्य की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2019-20 की योजनाओं की भी समीक्षा की गई. लंबित योजनाओं की जानकारी लेते हुए उसे कार्ययोजना बना कर सभी उप विकास आयुक्तों को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक-2022 और झारखंड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक-2022 को राज्यपाल से मिली मंजूरी




